आगरा। थाना सैंया क्षेत्र के गांव नदीम में सोमवार को सरकारी जमीन की पैमाइश कराने गई राजस्व विभाग की टीम को उस समय भारी विरोध का सामना करना पड़ा, जब दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। हालात इतने बेकाबू हो गए कि राजस्व अधिकारियों को अपनी जान बचाकर वहां से भागना पड़ा। इस दौरान अधिकारियों के साथ अभद्रता करने और उन्हें घेरने का भी आरोप है।
अतिक्रमण की शिकायत पर पहुंची थी टीम
गांव नदीम में चकरोड पर अवैध कब्जे की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद तहसील खेरागढ़ से नायब तहसीलदार हरीशंकर दुबे और अनुज दीक्षित के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम पैमाइश के लिए पहुंची थी। टीम निर्धारित नियमों के तहत चकरोड की सीमाएं चिह्नित कर रही थी, तभी मौके पर मौजूद ग्रामीणों के दो पक्षों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया।
कहासुनी से हिंसक झड़प तक
पैमाइश के दौरान विद्याराम पक्ष और सौदान सिंह पक्ष के बीच अचानक कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। इस अफरा-तफरी के बीच कुछ ग्रामीणों ने राजस्व टीम पर ही पक्षपात करने और रिश्वत लेकर गलत पैमाइश करने का गंभीर आरोप मढ़ दिया।
मामला इतना बिगड़ गया कि उपद्रवियों ने राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता की और उन्हें घेरने का प्रयास किया। अपनी सुरक्षा को खतरे में देख टीम तुरंत वहां से पीछे हट गई और तत्काल स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच के आदेश
सूचना मिलते ही थाना सैंया पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर उपद्रव मचा रहे लोगों को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। राजस्व अधिकारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सरकारी कार्य में बाधा डालने व मारपीट करने वाले दोषियों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधितों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- आप कितने में बिके थे? खुलासा करें, कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने ओम प्रकाश राजभर से किया सीधा सवाल - June 20, 2026
- सियासी संग्राम: राहुल गांधी की परशुराम स्वरूप वाली तस्वीर पर डिप्टी सीएम का हमला, कहा- ‘सनातन विरोधियों को जनता माफ नहीं करेगी’ - June 20, 2026
- सपा प्रमुख अखिलेश यादव बोले- एक SIT किसी की रिकॉर्ड तोड़ ‘अयोध्या’ यात्राओं की पड़ताल के लिए भी बनानी चाहिए - June 20, 2026