आगरा। ताजनगरी के थाना जैतपुर क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने होली की खुशियों को मातम में बदल दिया। ग्राम पंचायत क्यारी के पास एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि एंबुलेंस चालक शराब के नशे में धुत था, जिसे ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।
बाजार से घर लौटते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान 29 वर्षीय रामस्वामी पुत्र महावीर सिंह गुर्जर के रूप में हुई है। रामस्वामी गाजियाबाद में हलवाई का काम करता था और त्योहार मनाने के लिए अपने पैतृक गांव आया हुआ था। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे वह जैतपुर कलां से कुछ सामान लेकर वापस घर लौट रहा था। तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामस्वामी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
नशे में धुत था एंबुलेंस चालक
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जब एंबुलेंस चालक को पकड़ा, तो वह नशे की हालत में मिला। इस लापरवाही को देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने चालक को दबोचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव में नहीं मनी होली
रामस्वामी पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था और घर का कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, कोहराम मच गया। शोकाकुल परिजनों और ग्रामीणों ने इस दुखद घड़ी में होली का त्योहार नहीं मनाने का निर्णय लिया। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
- खाद्य सुरक्षा समिति के सभापति बने विजय शिवहरे का आगरा में भव्य स्वागत: उद्यमियों ने कहा, मानक पूरे करने को तैयार, लेकिन उत्पीड़न नहीं सहेंगे - August 26, 2026
- आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी ने धूमधाम से मनाया प्रथम स्थापना दिवस: आयोजित हुआ भव्य समारोह, उठी ‘कलाकार बोर्ड’ गठन की मांग - August 26, 2026
- योगी सरकार का रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ा तोहफा: 27, 28 और 29 अगस्त को यूपी रोडवेज और सिटी बसों में एक सहयात्री के साथ बिल्कुल फ्री सफर कर सकेंगी माताएं-बहनें - August 26, 2026