लखनऊ। नौतपा के तीसरे दिन मई के माह में यूपी झांसी सबसे गर्म रहा। यहां का पारा 48.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज से 132 साल पहले यहां इतना तापमान दर्ज किया गया था। वहीं, आगरा में गर्मी ने पिछले 26 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां का पारा सोमवार को 47.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो प्रदेश में दूसरा सबसे गर्म शहर था। इससे पहले 27 मई 1998 में आगरा का अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था।
47 डिग्री के साथ मथुरा-वृंदावन व एटा दूसरे स्थान पर रहे। एटा में पीआरडी जवान बेहोश होकर गिरा जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। कासगंज में 45.6 डिग्री, फिरोजाबाद में 45 व मैनपुरी का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रहा। तपते बुदेलखंड में भीषण गर्मी की चपेट में आकर छह लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में तीन चित्रकूट, दो महोबा और एक-एक हमीरपुर और औरैया के हैं।
रातें भी गर्म
कई शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के पार हो गया। हरदोई, लखीमपुर खीरी, वाराणसी बहराइच, प्रयागराज और लखनऊ में न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री से 31.8 डिग्री के बीच रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 29 मई तक फिलहाल मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा, 30 मई से तापमान में बदलाव शुरू होगा।
यहां रेड अलर्ट : गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाके में भीषण लू चलने के आसार हैं।
लखनऊ में सीजन में पहली बार सबसे गर्म दिन, पारा 44.3 डिग्री
प्रदेश के अन्य शहरों की तरह राजधानी भी भीषण गर्मी झेल रही है। सोमवार को इस सीजन का सर्वाधिक गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रात का पारा 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 18 मई को दिन का तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ था।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह व मो. दानिश के मुताबिक, फिलहाल दो दिन गर्मी से राहत के कोई आसार नहीं हैं। मई के अंतिम दिन में पारे में गिरावट शुरू होगी। लखनऊ में इससे अधिक गर्मी वर्ष 2019 की मई में पड़ी थी। उस समय पारा 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था।
- हम अपराधी नहीं, न्याय के साथी हैं: अधिवक्ताओं को राह का रोड़ा समझना बंद करे पुलिस… राजीव गांधी बार एसोसिएशन ने कमिश्नर को लिखा पत्र - March 11, 2026
- स्वच्छ नारी, सशक्त समाज: डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के MSW छात्रों ने आगरा के कुंआ खेड़ा में जगाई ‘मासिक धर्म स्वच्छता’ की अलख - March 11, 2026
- एलपीजी किल्लत की अफवाह फैलाने वालों पर गिरेगी बिजली: सीएम योगी का सख्त आदेश, कालाबाजारी की तो जाएंगे जेल - March 11, 2026