संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले की नगर पंचायत नरौली में गुरुवार को प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। तहसील चंदौसी के नरौली कस्बे में राजस्व विभाग की जमीन पर बने ‘दारुल उलूम मदरसे’ को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया गया। प्रशासन का दावा है कि करीब 285 वर्ग मीटर की यह जमीन सरकारी अभिलेखों में खाद के गड्ढे और सार्वजनिक रास्ते के रूप में दर्ज है।
भारी फोर्स के साथ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’
बनियाठेर थाना क्षेत्र के मोहल्ला बंजारी कुंआ में हुई इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। उपजिलाधिकारी (SDM) चंदौसी आशुतोष तिवारी और सीओ मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस और पीएसी (PAC) तैनात रही। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। कार्रवाई शुरू होने से पहले ही स्थानीय लोगों ने मदरसे के भीतर रखा सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया था।
8 से 10 मकानों पर भी लटकी तलवार
एसडीएम आशुतोष तिवारी ने बताया कि गाटा संख्या 1635 और 1636 पर अवैध कब्जा कर मदरसा और करीब 8 से 10 मकान बनाए गए थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ये सभी निर्माण अवैध हैं। कब्जाधारियों को धारा-67 के तहत दो बार नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने का पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन आदेश का पालन न होने पर अंततः ‘एक्जीक्यूशन’ की कार्रवाई की गई।
चेयरमैन ने जताया विरोध
दूसरी ओर, नरौली नगर पंचायत के चेयरमैन बिट्टन मलिक ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें इस संबंध में कोई पूर्व सूचना या नोटिस नहीं मिला। मलिक ने इसे एक धार्मिक और इस्लामिक शिक्षण स्थल बताते हुए प्रशासनिक कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की है।
- आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता: पिता ने किडनी दान कर बचाई बेटे की जान, दूसरा सफल ट्रांसप्लांट रहा कामयाब - October 11, 2026
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: फतेहाबाद के पास डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत - October 11, 2026
- ताजमहल में पर्यटकों के बीच जमकर हुई हाथापाई: पैर पर पैर रखने के मामूली विवाद पर भिड़े राजस्थान के पर्यटक, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप - October 11, 2026