yogi adityanath

भाजपा एससी मोर्चा के महासम्मेलन में आगरा को 5198 करोड़ की सौगात, आगरा मेट्रो का फोर्ट स्टेशन का नाम डॉ. आंबेडकर के नाम पर, योगी ने दलितों को ‘दाता’ बताया, जेपी नड्डा ने अनुसूचित जाति के लिए मोदी-योगी के काम गिनाए

POLITICS

इंडी गठबंधन के आधे लोग जेल में और आधे बेल पर

जब अंत का उदय होगा भारत का उदय होगा, समाज आगे बढ़ेगा

देश के सामाजिक न्याय के पुरोधाओं को मिल रहा है सम्मान

अयोध्या में भगवान श्री राम के दर्शन से पहले महर्षि वाल्मीकि के दर्शन

विपक्ष ने हमेशा डॉक्टर अंबेडकर और उनके विचारों का किया अपमान

डॉ. भानु प्रताप सिंह

Live Story Time

 Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat.  आगरा। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के महासम्मेलन के चलते आगरा को 5198 करोड़ की सौगात मिली। साथ ही आगरा मेट्रो के फोर्ट स्टेशन का नाम डॉ. आंबेडकर के नाम पर करने की घोषणा की गई। इसके साथ ही अनुसूचित समाज को ‘दाता’ बताया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने स्पष्ट तौर पर कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर के बाद गरीब, वंचित, शोषित, दलित, अनुसूचित जाति का कोई रक्षक है तो वह हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। नेताओं ने अनुसूचित वर्ग के लोगों को याद लिया कि मोदी और योगी सरकार ने उनके लिए क्या-क्या काम किए है। इसलिए लोकसभा चुनाव में कमल खिलाना है। यूपी की सभी 80 सीटें जितानी हैं। कांग्रेस और इंडी से सावधान रहने की बात कही गई।

सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान से भी प्रतिनिधि आए। आगरा की सड़कों पर टोल के टोल आंबेडकर नगर (कोठी मीना बाजार मैदान) की ओर आते दिखाई दिए। मंच पर और पांडाल में चारों और दलित महापुरुषों के कटआउट लगे हुए थे। सभी महापुरुषों की जयकार की जा रही थी। मोदी सरकार क उपलब्धियों की फिल्म बार-बार दिखाई गई।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जैसे ही भाजपा अनुसूचित मोर्चा के अनुसूचित जाति महासम्मेलन में पहुंचे, भारत माता की जय और योगी-योगी के नारे लगने लगे। भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर महासम्मेलन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी तथा जेपी नड्डा का पटका पहनाकर, बुके व प्रतीक चिह्न देकर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में 5198 करोड़ की 124 विकास परियोजनाओं का मुख्यमंत्री तथा श्री नड्डा ने बटन दबाकर लोकार्पण व शिलान्यास किया। जनता ने खड़े होकर तालियों के साथ स्वागत किया।

BJP OBC morcha
भाजपा ओबीसी मोर्चा के सम्मेलन में मंचासीन नेता। संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने संबोधन में कहा, बृज भूमि के महत्वपूर्ण स्थल आगरा छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य और पराक्रम की गाथा से जुड़ा है। हम पिछले 10 साल में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। एक ऐसा भारत जो जाति, मत, मजहब के आधार पर नहीं बल्कि बुजुर्ग, महिला, नौजवान सभी को साथ लेकर चल रहे हैं। मोदी जी का एक ही मंत्र है जिसके आधार पर सब वर्ग और जाति को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है, ये मंत्र है – “सबका साथ सबका विकास” यानी ‘सर्वजन हिताय, सर्व जन सुखाय’।

उन्होंने कहा- आजादी के बाद हमारा समाज वंचित व दबा था, मुख्य धारा से कटा महसूस करता था, आज जब बाबा साहब के नाम पर पंच तीर्थ की घोषणा होती है, बाबा साहेब से संबंधित पंचतीर्थ के विकास की घोषणा आंबेडकर जी के सम्मान के साथ संसदीय प्रणाली का सम्मान, संविधान का सम्मान है, दबे कुचले लोगों की आवाज का सम्मान है, तो उस समाज को भी लगता है कि बाबा साहब को सम्मान देने का काम मोदी जी ने किया है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आपने देखा होगा कि राम जन्मभूमि अयोध्या में 500 साल का वनवास खत्म कर जनसामान्य को दर्शन कराने का समय आया तो उससे पहले मोदी जी ने महर्षि वाल्मीकि के नाम पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट देने का कार्य किया। आप जब जाओगे तो राम से पहले अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि के दर्शन होंगे। काशी में संत रविदास महाराज जी की जन्मभूमि है, जहां विवाद था पिछली सरकारें कुछ नहीं कर पा रही थीं, किसी ने कुछ नहीं किया। जब मोदी जी वहां के सांसद बने तो वहां पर प्रधानमंत्री जी ने सदगुरु रविदास जी की 25 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण कर दिया, पार्क, म्यूजियम, अन्नक्षेत्र का निर्माण किया। अब उस पावन धरा पर जाने के लिए फोर लेने की कनेक्टविटी कर दी गई है। सामाजिक न्याय के पुरोधाओं को सम्मान देने का काम मोदी जी ने किया।

yogi adityanath
संबपोधित करते योगी आदित्यनाथ।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गरीब को स्वास्थ्य की सुविधा दी, वंचित समाज की आवाज को मजबूती दी, इसके साथ गरीब को उनका सम्मान और अधिकार देने का काम भी किया। वंचित समाज ने सदैव देश धर्म को मजबूती दी है, कल आगरा में मेट्रो का शुभारंभ हुआ आप सभी को इसके लिए बधाई। उन्होंने कोठी मीना बाजार मैदान के मंच से आगरा मेट्रो के फोर्ट स्टेशन का नाम बाबा साहब के नाम पर करने की घोषणा की जिसका उपस्थित जनता ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ये समाज सदैव ‘ दाता’ रहा है आज अनुसूचित समाज के इस कार्यक्रम में 52 सौ करोड़ 124 विकास परियोजना दी गई हैं। अनुसूचित जाति समाज सदैव दाता की भूमिका में रहा है, सरकार ने अनुसूचित छात्रों की स्कॉलरशिप की राशि दोगुनी की गई है, गरीब अनुसूचित लोगों को सरकारी जमीन से उन्हें आवास देकर सम्मान जनक तरीके से पुनर्वास किया गया है। डबल इंजन की सरकार ने राजा सुहेलदेव के नाम पर विश्व विद्यालय तथा लखनऊ में राजा बिजली पासी किले का पुनुरुद्धार किया है। सरकार मोदी जी व नड्डा जी की प्रेरणा से धरातल पर विकास का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने उपस्थित जनता से आह्वान किया कि सम्मेलन में बाहर के जनपद तथा राज्यों से आप आगरा आए हैं तो बृज भूमि के दर्शन जरूर कर के जाएं मथुरा वृंदावन जरूर जाएं। आगरा से भी छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य और पराक्रम की गाथा जुड़ी हुई है यहां जल्दी ही शिवाजी महाराज का म्यूजियम बनेगा। मुख्यमंत्री जी ने जय श्री राम के नारे के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी ने कहा- अनुसूचित जाति के लिए योगी जी ने अनेक योजनाएं चलाई हैं और इस तरह से हमारे भाई बहनों को मुख्यधारा में शामिल करने का कार्य किया है। लंबे समय तक भारत की राजनीति को मैंने देखा है। कांग्रेस ने अपने शासन काल में दलित व अनुसचित जाति के लोगों को मानवता की नजर से नहीं देखा। उन्हें केवल वोट बैंक की नजर से देखा, उनको केवल वोट लेने का उपक्रम देखा। येनकेन उनको समाज से अलग रख कर किस तरह से वोट लेने का उपकरण समझा। हम सत्ता में थे या नहीं, तब भी हमने 1951- 52 से ही एकात्म मानववाद के रूप में अंतिम पायदान पर समाज के अंतिम छोर खड़े व्यक्ति को प्रथम पायदान पर लाने की बात की। जब तक अंतिम व्यक्ति का भला नहीं होगा, तब तक देश का भला नहीं होगा। कांग्रेस ने नहीं, भाजपा ने अंत्योदय का कार्यक्रम चलाया। कांग्रेस कहती थी कि ये अंत्योदय क्या होता है, हमने कहा था कि अंतिम व्यक्ति का उदय होगा तभी भारत का उदय होगा। हमें वंचित, शोषित, पीड़ित दलित को वोट बैंक की राजनीति का उपकरण नहीं प्रथम स्थान पर लाना है। अंत्योदय से आगे मोदी जी ने उसको आगे बढ़ाते हुए कहा सबका साथ, सबका विकास की बात की। जब सबका साथ और विश्वास मिल पाएगा तभी समाज का विकास होगा।

jp nadda
संबोधित करते जेपी नड्डा।

कांग्रेस के नारे हमेशा खंडित करने वाले रहे। जनसंघ और भाजपा के नारे हमेशा जोड़ने वाले रहे, सबको समाहित करने वाले हैं। मोदी जी ने नारा दिया ज्ञान जिसमें जी का मतलब गरीब, वाई से युवा, ए से अन्नदाता तथा एन से नारी। इन सबका विकास करना है।

श्री नड्डा ने कहा कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की कांग्रेस ने उपेक्षा की। उनका उपहास किया गया। उनके योगदान को कम आंका गया। ये कांग्रेस का चरित्र है। बाबा साहब का कांग्रेस पार्टी ने संविधान सभा में चुनने का विरोध किया था। ये इतिहास में दर्ज है। बाबा साहब को दो-दो बार चुनाव हराने का काम किया। नेहरू जी ने उनके विरोध में प्रचार किया। संसद के अंदर बाबा साहब की तस्वीर लगाने की जगह कम पड़ गई। ये इतिहास में दर्ज है। जनता दल की सरकार में ये काम हुआ जो भारतीय जनता पार्टी के समर्थन से बनी। मरणोपरांत बाबा साहब को भारत रत्न नहीं दिया। नेहरू व इंदिरा गांधी ने अपने आप को भारत रत्न दे दिया। लेकिन बाबा साहब को भारत रत्न नहीं दिया। भारत रत्न जनता पार्टी की सरकार में मिला। उस सरकार को भाजपा का समर्थन था।

उन्होंने कहा कि दलित भाइयों को कांग्रेस सालों से गुमराह कर रही है। उनकी चिंता करने वाली भाजपा सरकार हैं। मोदी जी ने सही मायने में चिंता की। आज हमारी सरकार में 12 मंत्री दलित हैं। किसी सरकार में इतने मंत्री नहीं रहे। भारत के राष्ट्रपति रामलाल कोविंद तब राष्ट्रपति बने जब मोदी जी की सरकार थी। पहली बार भारत के अनुसूचित जनजाति की महिला राष्ट्रपति बनी जब मोदी जी प्रधानमंत्री थे।

To read Dr Bhanu Pratap Singh books in Hindi and English please Click this link on WhatsApp

श्री जेपी नड्डा ने कहा कि योजनाओं के माध्यम से अनुसूचितों की तस्वीर बदलने की कोशिश की गई। कश्मीर से धारा 370 हटा कर वहां अनुसूचित जातियों को आरक्षण दिया जाएगा। पहली बार एससी -एसटी का जम्मू कश्मीर विधानसभा में प्रतिनिधित्व होगा, मोदी सरकार ने सामाजिक न्याय मंत्रालय का 90 प्रतिशत बजट बढ़ाया, एससी अभ्युदय योजना के तहत 31 हजार गांव विकास के लिए गोद लिए। बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना में 16 हजार अनुसूचित जाति के छात्रों को छात्रावास बनाए फ्री कोचिंग सुविधा दी।

उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन और विपक्षी पार्टियों को गरीब अनुसूचित जाति से कोई लेना-देना नहीं। ये सभी पार्टियों अपने परिवार को बचाने में लगीं हुईं हैं। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय महासम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जम्मू कश्मीर के फारुख अब्दुल्ला उमर अब्दुल्ला, पंजाब के प्रकाश सिंह बादल सुखबीर सिंह बादल, हरियाणा के चौटाला परिवार, अखिलेश डिंपल, राहुल सोनिया, शिवसेना और दक्षिण की विपक्षी पार्टियों पर परिवारवाद हावी होने की बात कही। जेपी नड्डा ने कहा विपक्ष के आधे लोग या तो जेल में है या फिर बेल पर हैं।

भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा डॉ भीमराव अंबेडकर के बाद दलित और अनुसूचित समाज के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना संरक्षक मानते हैं। पिछले 60 वर्षों तक कांग्रेस की सरकार रही कांग्रेस सरकार में कभी भी ना तो अनुसूचित समाज के लोगों को मान सम्मान देने का काम किया गया और ना ही दलित अनुसूचित समाज के महापुरुषों को उचित सम्मान मिला। कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण श्री एसपी सिंह बघेल, मा. समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, महिला एवं बाल विकास बेबी रानी मौर्य आदि ने संबोधित किया।

journalist
कवरेज करने पहुंचे पत्रकार।

इनकी रही मंच मौजूदगी

भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय महासम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी तरुण चुघ, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी सतीश, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी वैजयंत पांडा, राजस्थान के डिप्टी सीएम डॉ प्रेम सिंह बेरवा, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, राष्ट्रीय महामंत्री अनुसूचित मोर्चा संजय निर्मलकर, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं ब्रज क्षेत्र प्रभारी संतोष सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, संचालन राष्ट्रीय महामंत्री सांसद भोला सिंह, कैबिनेट मंत्री रमापति शास्त्री, प्रदेश महामंत्री एवं अनुसूचित मोर्चा की प्रदेश प्रभारी प्रियंका रावत, प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा रामचंद्र कनौजिया, विधायक विजय शिवहरे, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जीएस धर्मेश, विधायक धर्मपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, विधायक पूरन प्रकाश, प्रदेश मंत्री एवं विधायक अनूप प्रधान, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, क्षेत्रीय महामंत्री राकेश मिश्रा, महापौर हेमलता दिवाकर, विधायक अंजुला माहौर, विधायक धर्मपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन जिला अध्यक्ष गिर्राज कुशवाहा आदि पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे।

इन्होंने संभाली व्यवस्थाएं

अनुसूचित मोर्चा के ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष इंद्रजीत आर्य, पूर्व मंत्री डॉ रामबाबू हरित, हेमेंद्र शर्मा, अनिल चौधरी, डॉ. अवधेश रावत,  अशोक पिप्पल, नवल तिवारी मीडिया प्रभारी  ब्रज क्षेत्र, सुनील करमचंदानी, रोहित कत्याल, कार्यालय मंत्री संजीव भारद्वाज, टीएन अग्रवाल, राहुल चौधरी, दीपक ढल, मनोज गर्ग, गौरव राजावत, ओम प्रकाश सागर, हेमंत भोजवानी, मनीष गौतम, नवीन गौतम, अखिलेश चौहान, गौरव शर्मा, महेश कर्दम, राहुल खली, राहुल आर्य, पंकज गौतम, अनीता खरे,पार्षद रेनू गुप्ता, मनोज राजोरा, शिव कुमार राजोरा, ज्ञानेंद्र कुलश्रेष्ठ, ओमप्रकाश चलनी वाले, विजय भदौरिया, हेमंत प्रजापति, गजेंद्र पिप्पल, दिगंबर सिंह धाकरे आदि ने व्यवस्थाएं संभालीं।

 

Dr. Bhanu Pratap Singh