आगरा: सामाजिक सेवा की मिसाल बने स्वर्गीय अशोक जैन (सी.ए.) के अविस्मरणीय योगदान को संजोने के लिए अब आगरा के प्रबुद्ध वर्ग ने एक बड़ी पहल की है। सामाजिक संगठन ‘लीडर्स आगरा’ ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आगरा मेट्रो के किसी एक स्टेशन, विशेष रूप से ‘आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन’ का नामकरण समाजसेवी स्व. अशोक जैन (सी.ए.) के नाम पर करने की मांग उठाई है।
मानवता की अनवरत सेवा का प्रतीक
‘लीडर्स आगरा’ के अध्यक्ष डॉ. पार्थ सारथी शर्मा और महामंत्री सुनील जैन ने एक पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान इस मांग को जनभावनाओं से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि अशोक जैन का जीवन केवल एक व्यक्ति का सफर नहीं, बल्कि निस्वार्थ सेवा का एक अध्याय था। उनके मार्गदर्शन में दो हजार से अधिक लोगों की निःशुल्क हृदय शल्य चिकित्सा (हार्ट सर्जरी) कराई गई, जिससे हजारों परिवारों को पुनर्जीवन मिला।
‘श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी’, ‘हेल्प आगरा’ और ‘आगरा विकास मंच’ जैसी संस्थाओं के माध्यम से उन्होंने जो सेवा कार्य किए, उन्होंने आगरा को न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गौरवान्वित किया।
दिव्यांगों के लिए वरदान बने अशोक जैन
महामंत्री सुनील जैन ने बताया कि अशोक जैन के प्रयासों का ही परिणाम था कि आगरा में ‘जयपुर फुट सेवा केंद्र’ स्थापित हो सका। हज़ारों दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का उनका स्वप्न आज भी फलित हो रहा है। उन्होंने न केवल वृद्धजनों की सेवा की, बल्कि निर्धन महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और कोरोना काल जैसी विकट परिस्थितियों में जरूरतमंदों तक राशन एवं दवाइयां पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाई।
आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र
संगठन का मानना है कि मेट्रो स्टेशन का नामकरण न केवल उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए समाज सेवा के मार्ग पर चलने की एक बड़ी प्रेरणा भी सिद्ध होगी। इस कार्यक्रम के दौरान डॉ. पार्थ सारथी शर्मा ने स्पष्ट किया कि अशोक जैन ने जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर मानव सेवा का धर्म निभाया है, इसलिए उनके नाम को सार्वजनिक पहचान देना आगरा के हर नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
इस भावनात्मक मुहिम के पोस्टर विमोचन के अवसर पर डॉ. पार्थ सारथी शर्मा, सुनील जैन, स्वीटी चौहान, विनीता जादौन, सुनील बग्गा, ठाकुर टी.एन. सिंह चौहान, अमित जैन सेठिया, राहुल जैन, डॉ. अशोक कुशवाह, हरीकांत शर्मा, रोबिन जैन और आयुषी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में इस मांग का समर्थन किया और सरकार से सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
- आगरा में खौफनाक वारदात: बाह में ज्वेलर्स के घर डाका, बिजली काटकर परिवार को बनाया बंधक - June 15, 2026
- आगरा में बड़ा हादसा टला: ईदगाह बस स्टैंड के पास चलती बस में लगी भीषण आग, चालक की सूझबूझ से 50 से अधिक यात्रियों की बची जान - June 15, 2026
- Agra News: डीईआई शोध छात्रा ने सल्फास खाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस - June 15, 2026