राजधानी में बुधवार को खिली अच्छी धूप से लोगों को ठंड से काफी राहत मिली। दिल्ली-एनसीआर की अधिकांश जगहों पर अधिकतम तापमान 20 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। आज इसमें और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद 31 दिसंबर से एक बार फिर सर्दी और कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है।
कोहरे से होगा नए साल का स्वागत
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि तेज गति की हवाओं ने कोहरे की चादर को हटा दिया, शुक्रवार तक विजिबिलिटी कि स्थिति अच्छी रहने का संभावना है। इसके बाद शहर के कुछ हिस्सों में ‘शीत लहर’ या ‘कोल्ड डे’ की स्थिति के साथ कोहरे की स्थिति फिर से लौट सकती है।
आईएमडी के सीनियर मौसम वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने कहा, ‘फिलहाल कोहरे की सटीक तीव्रता और अवधि का अनुमान लगाना मुश्किल है।’ उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के आने से बुधवार को हवा की गति 22 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे कोहरा और बादल छंट गए, जिससे विजिबिलिटी में सुधार हुआ और अच्छी धूप भी खिली।
राजधानी में ठंड से हल्की राहत
बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में भी इजाफा हुआ। यह सामान्य से एक डिग्री बढ़कर 6.3 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 37 से 92 प्रतिशत तक रहा। हालांकि कुछ जगहों पर तापमान अब भी 4 से 5 डिग्री के आसपास ही बना रहा।
रिज में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री, आया नगर में 5.4 डिग्री और जाफरपुर में 4.5 डिग्री तक रहा। वहीं लोदी रोड में 23 डिग्री, पीतमपुरा में 23.7 डिग्री और सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 23.3 डिग्री रहा। सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में न्यूनतम तामपन भी 10.5 और पीतमपुरा में 10.1 डिग्री रहा।
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। हल्का कोहरा रह सकता है। अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 8 डिग्री के आसपास रहेगा। इसके बाद 30 दिसंबर को भी तापमान इसी तरह का बना रहेगा। 31 दिसंबर से ठंड एक बार फिर अपने पांव फैलाना शुरू कर देगी। 31 दिसंबर को अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आसपास दर्ज होगा। इसके बाद नए साल के पहले तीन दिन अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री के आसपास बना रहेगा। 31 दिसंबर से घना कोहरा भी वापसी कर सकता है। इसे लेकर 30 दिसंबर से 3 जनवरी तक यलो अलर्ट जारी किया गया है।
- जनसुनवाई के बाद सीधे स्कूलों पर आगरा डीएम मनीष बंसल का धावा: छात्राओं की क्लास ली, खुद खाना चखा और पढ़ाई-सुरक्षा की परखी जमीनी हकीकत - August 18, 2026
- कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) आगरा इकाई का विस्तार: नरेंद्र तनेजा बने चेयरमैन और कुलदीप सिंह कोहली संयुक्त महासचिव मनोनीत - August 18, 2026
- प्रकृति से प्रेम और पर्यावरण संरक्षण ही श्रीकृष्ण भक्ति का संदेश: कमला नगर में परमहंस स्वामी गिरिशानंद सरस्वती के मुख से बही श्रीमद्भागवत की अमृतधारा - August 18, 2026