आज से जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का फ्लाइट शेड्यूल बदला, 7 फ्लाइट्स बंद

REGIONAL

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का फ्लाइट शेड्यूल आज रविवार 31 मार्च से बदल गया है। आज से समर शेड्यूल लागू हो गया है। समर शेड्यूल के तहत कई उड़ानों की संख्या घट गई है। अब तक प्रतिदिन 65 फ्लाइट नियमित रूप से उड़ान भरती थीं। अब नियमित उड़ान फ्लाइट की संख्या 61 हो गई है। कुछ शहरों की उड़ाने घटा दी गई हैं, जबकि कुछ अन्य शहरों की उड़ान सेवाओं में विस्तार किया गया है। चार शहर ऐसे भी हैं, जहां के लिए फ्लाइट सेवा पूरी तरह से बंद कर दी गई है।

जयपुर से 7 फ्लाइट्स बंद और 3 नई उड़ानें शुरू

जयपुर से अयोध्या जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या एसजी 3421 का संचालन बंद कर दिया गया है। साथ ही जयपुर से अहमदाबाद जाने वाली एसजी 1077 और चेन्नई जाने वाली एसजी 216 का संचालन भी बंद कर दिया गया है।

जयपुर से इंदौर जाने वाली इंडिगो की 6ई 7675, गुवाहाटी जाने वाली स्पाइसजेट की एसजी 696, आगरा जाने वाली इंडिगो की 6ई7723, और पंतनगर जाने वाली इंडिगो की 6ई 7482 का संचालन बंद कर दिया गया है। पुणे, बेंगलुरु और लखनऊ के लिए तीन नई उड़ानें शुरू की गई है।

पुणे के लिए सुबह 5:35 बजे स्पाइसजेट की एसजी 1077, दोपहर 1:15 बजे जयपुर से लखनऊ के लिए इंडिगो की 6ई 7482 और रात 9:35 बजे बेंगलुरु के लिए आईएक्स 1767 का संचालन शुरू कर दिया गया है।

इन घरेलू उड़ानों के समय में हुआ बदलाव

जयपुर से अलग-अलग शहरों के लिए उड़ान भरने वाली कुछ फ्लाइट्स के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। यानी जयपुर से उनकी रवानगी का समय बदल दिया गया है। जयपुर से लखनऊ जाने वाली फ्लाइट संख्या 6ई-7319 अब दोपहर 12:05 बजे के स्थान पर सुबह 5:15 बजे लखनऊ के लिए उड़ान भरेगी।

इंदौर जाने वाली फ्लाइट संख्या 6ई-7154 सुबह 5:40 बजे के बजाय सुबह 7:45 बजे रवाना होगी। भोपाल जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-6469 सुबह 6:45 बजे के स्थान पर अब 9:45 बजे जाएगी, जबकि जोधपुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-7405 सुबह 9:45 बजे के स्थान पर दोपहर 12:55 बजे रवाना होगी।

इसी तरह जयपुर से अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट संख्या 6ई-7138 शाम को 8:45 बजे के बजाय अब रात 10:45 बजे जयपुर से उड़ान भरेगी, जबकि अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट 6ई-7276 सुबह 5:50 बजे के बजाय अब शाम को 6:35 बजे जाएगी।

इंटरनेशनल उड़ानों का समय यथावत

हवाई सेवा करने वाले यात्रियों के लिए ध्यान रखने योग्य बात यह है कि केवल घरेलू उड़ान के शेड्यूल में बदलाव हुआ है। इंटरनेशनल उड़ानों का पूरा शेड्यूल यथावत है। फिलहाल इंटरनेशनल फ्लाइट्स के शेड्यूल में कोई परिवर्तन है। संभवतया जून से इंटरनेशनल उड़ानों के शेड्यूल में भी कुछ परिवर्तन किया जा सकता है।

-एजेंसी

Dr. Bhanu Pratap Singh