आगरा: थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के अवधपुरी चौकी अंतर्गत कलवारी चौराहे पर आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब स्थानीय लोगों ने एक 21 वर्षीय युवक का शव नाले में पड़ा देखा। मृतक की पहचान निलेश उर्फ गोवर्धन, निवासी विलासगंज कलवारी के रूप में हुई है। निलेश शादियों में बेटर का कार्य करता था और रविवार शाम से लापता था।
इस घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, क्योंकि कुछ समय पहले भी इसी चौराहे के सामने खेत में एक युवक का शव मिला था। स्थानीय लोगों का कहना है कि कलवारी चौराहे पर आए दिन शराबियों की महफिल सजी रहती है, जिससे असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। हर दुकान के सामने शाम होते ही शराबियों का अड्डा जम जाता है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मृतक निलेश के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि निलेश की हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। परिजनों और स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है।
गुस्साए परिजनों ने कलवारी चौराहे पर निलेश के शव को रखकर रास्ता जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुँच गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और क्षेत्रीय लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोग पुलिस गश्त बढ़ाने और चौराहे पर शराबियों के जमावड़े पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
- अखिलेश के ‘इग्नोर करो’ बयान पर स्वामी प्रसाद मौर्य का करारा जवाब: बोले- सपा से नहीं, कांग्रेस से मांगी है सीट - October 31, 2026
- सरदार पटेल की जयंती पर सीएम योगी ने दी 1,725 करोड़ की सौगात, ‘कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार योजना’ का किया शुभारंभ, 5 जिलों में बनेंगे सेंटर - October 31, 2026
- आगरा में राष्ट्रीय सम्मेलन का आगाज: नारी शक्ति के गौरवशाली अतीत और इतिहास के अनछुए पन्नों पर देश के विद्वानों का मंथन - October 31, 2026