उत्तर प्रदेश में आगरा जिले के पिनाहट कस्बे में दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। यहां के मोहल्ला मार में गल्ला व्यापारी 70 वर्षीय सुरेश चंद्र गुप्ता और उनकी पत्नी 65 वर्षीय कृष्णा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। रविवार दोपहर तक जब व्यापारी घर से नहीं निकले तो पड़ोसियों को शक हुआ। लोगों ने घर में जाकर देखा, तो वहां का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। गल्ला व्यापारी और उनकी पत्नी का खून से सना शव फर्श पर पड़ा हुआ था। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ एसपी पूर्वी सोमेंद्र मीणा भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद लोगों से मामले की जानकारी ली। पति-पत्नी के गले पर निशान हैं। घर का सामान बिखरा हुआ था। पुलिस का कहना है कि हत्या कर लूटपाट की गई है।
लोगों ने बताया कि सुरेश चंद्र गुप्ता का पिनाहट में गल्ले की आढ़त और तेल मिल है। शनिवार को वह अपने बेटे के पास आगरा आए थे। शाम 4:30 बजे लौटकर पिनाहट पहुंचे। उन्होंने मिल को खोला था। शाम 7:30 बजे मिल को बंद कर अपने घर चले गए।
रविवार दोपहर 12:00 बजे तक वह घर से नहीं निकले। अमूमन जल्दी घर से बाहर आ जाते थे। घर के दरवाजे खुले हुए थे। पड़ोसियों ने घर में घुसकर देखा तो प्रथम तल पर कमरे में सुरेश चंद्र गुप्ता बेड पर लहूलुहान पड़े थे। उनकी पत्नी फर्श पर पड़ी थी। पड़ोसी ने शोर मचाया तो अन्य लोग पहुंच गए।
एसपी पूर्वी सोमेंद्र मीणा पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। एसपी पूर्वी ने बताया कि सुरेश चंद गुप्ता के कपड़े गीले हैं। घर में सामान बिखरा हुआ है। आशंका है कि बदमाशों ने लूटपाट के दौरान पति और पत्नी की हत्या की है।
पुलिस के अनुसार इनवर्टर ऊपर के कमरे में रहता था, लेकिन वह नीचे रखा हुआ मिला है। मोहल्ले में कई घरों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। उनकी पुलिस रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।
उधर, घटना के बाद लोगों में आक्रोश है। जल्द खुलासे की मांग को लेकर व्यापारियों ने कस्बे का बाजार बंद कर दिया।
-एजेंसियां
- आगरा में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कमला नगर पुलिस ने लोहिया नगर में मारा छापा, पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार - September 29, 2026
- Agra News: पैर में फ्रैक्चर होने के कारण सीढ़ियां नहीं चढ़ सकी महिला, एसीपी इमरान अहमद ने जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद - September 29, 2026
- आगरा में खूनी संघर्ष: नशे में हंगामा करने से रोकने पर देवर ने महिला के पेट में घोंपा चाकू, तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया - September 29, 2026