दूरदर्शन चैनल का लोगो बदल गया है। इसे रूबी लाल से बदलकर केसरिया कर दिया गया है। लोगो के भगवा होते ही कई लोगों के रिएक्शन सामने आने लगे। डीडी के लोगो के बदलने से सबसे ज्यादा नाराज विपक्ष है। विपक्ष का कहना है कि चैनल का भगवाकरण किया जा रहा है।
विपक्षी नेताओं का प्रश्न है कि इसे लोकसभा चुनाव से पहले बदलने की क्या जरूरत थी। हालांकि ब्रॉडकास्टर का कहना है कि दूरदर्शन के लोगो को केसरिया सिर्फ एक बदलाव के रूप में किया गया है। सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह के रिएक्शन आ रहे हैं।
रूबी लाल से केसरिया हुआ डीडी
डीडी न्यूज़ चैनल ने मंगलवार को अपने एक्स हैंडल पर लोगो के बदलाव पर एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो के साथ एक कैप्शन भी था। डीडी न्यूज़ ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि हमारे मूल्य तो वही हैं, लेकिन अब हम एक नए रूप में आप सबके सामने हैं। खबरों का एक ऐसा सफर जो आपने पहले कभी नहीं किया, उसके लिए तैयार हो जाइए! पूरी तरह से नए डीडी न्यूज का अनुभव लें!
हम इन बातों को प्राथमिकता देते हैं:
➤तेजी से ज्यादा सटीक खबरें
➤दावों से ज्यादा सच
➤सनसनी से ज्यादा सच्चाई
क्योंकि अगर खबर डीडी न्यूज़ पर है, तो वो सच ही है! डीडी न्यूज़ – भरोसा सच का!
लोगो बदला और शुरू हो गई चर्चा
डीडी का लोगो बदलने के बाद लोगों के साथ विपक्ष के रिएक्शन भी सामने आने लगे। टीएसी के राज्यसभा सांसद जवाहर सरकार ने इसपर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दूरदर्शन ने अपने ऐतिहासिक फ्लैगशिप लोगो को भगवा रंग में रंग दिया है। पूर्व सीईओ के रूप में इसके भगवाकरण को चिंता के साथ देख रहा हूं। यह भी महसूस कर रहा हूं कि यह अब प्रसार भारती नहीं बचा है, बल्कि यह प्रचार भारती है।
बता दें कि जवाहर सरकार 2012 से 2014 के बीच प्रसार भारती के सीईओ थे। वहीं विपक्ष के एक और नेता ने कहा कि मुझे तो डर है कि कहीं कल को तिरंगे झंडे का रंग भी न बदल दिया जाए और उसे भगवा कर दिया जाए। बीजेपी ने इसपर सफाई देते हुए कहा कि हमारे राष्ट्रीय ध्वज का एख रंग भी तो केसरिया है।
किसी ने जताई खुशी तो कोई निराश
सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह के रिएक्शन्स आ रहे हैं। अफलातून नामक यूजर ने लिखा कि डीडी को चुनाव के बीच में अपना नया लोगो मिल गया। लाल रंग को केसरिया ने रिप्लेस कर दिया है। उन्होंने आगे कहा कि हालांकि डीडी का भगवाकरण तो काफी पहले हो गया था।
एक यूजर ने लिखा कि डीडी न्यूज का लोगो लाल से भगवा रंग में बदल दिया गया है। हालांकि, यह पहला डीडी चैनल नहीं है जिसका रंग भगवा हुआ है।
जी20 से पहले डीडी इंडिया को भगवा कर दिया गया था और पिछले साल डीडी नेशनल को भगवा और नीला कर दिया गया था।
लेखिका राणा आयूब ने लिखा कि सबसे बुरी बात ये है कि अब इन सब बातों से किसी को कोई हैरानी नहीं होती। सोशल मीडिया पर कई लोगों के इसके पक्ष में तो कई के इसके खिलाफ मत रहे।
-एजेंसी
- खाकी फिर शर्मसार: ताजगंज के सिपाही के साथ लिव-इन में रह रही फैशन डिजाइनर ने की आत्महत्या, शादी से मुकरने पर दी जान, आरोपी कांस्टेबल गिरफ्तार - March 13, 2026
- देहतोरा दंगल मेला: हाथरस के हरिकेश पहलवान ने जीता खिताब, राजस्थान के सुनील को दी पटखनी, उमड़ा 25 हजार दर्शकों का सैलाब - March 13, 2026
- आगरा गैस कांड: समाधिया कोल्ड स्टोर की लापरवाही ने घोंटा कुकथरी का दम, प्रशासनिक अमला रात भर रहा तैनात - March 13, 2026