लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जनेश्वर मिश्र पार्क में प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लालचवश शहर के प्रमुख हरित क्षेत्रों पर कब्ज़े का रास्ता खोल रही है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखते हुए कहा कि लखनऊ और उप्र के नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार पैसे के लोभ में शहर के ‘हरित-हृदय’ जनेश्वर मिश्र पार्क को इवेंटबाजी का केंद्र बना रही है, जबकि नागरिकों को स्वच्छ हवा और हरियाली का पूरा अधिकार है।
उन्होंने कहा कि इस मसले को राजनीतिक आंदोलन की तरह न दिखाकर नागरिक आंदोलन के रूप में उठाया जाना चाहिए, ताकि सरकार इसको बहाना बनाकर अपनी मनमानी न कर सके।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पर्यावरण प्रेमियों, वरिष्ठ नागरिकों, पार्कों का उपयोग करने वाले परिवारों और हेल्थ-फिटनेस से जुड़े युवाओं से लखनऊ की हरियाली बचाने के लिए आगे आने की अपील की।
अखिलेश यादव ने लिखा कि यह केवल शुरुआत है। आज एक पार्क प्रभावित हो रहा है, कल शहर और प्रदेश के अन्य मोहल्लों-कॉलोनियों के पार्क भी भाजपा से जुड़े ठेकेदारों के निशाने पर आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के बाद स्थानीय निवासियों को कूड़े-करकट, गंदगी और दुर्गंध का सामना करना पड़ता है, जिससे जीवन दूभर हो जाता है।
अंत में अखिलेश ने चेतावनी देते हुए कहा—“भाजपा पार्क को पार्किंग न बनाए! भाजपा जाए तो साँस आए!”
- मेरठ के चर्चित ‘नीला ड्रम’ हत्याकांड में मुस्कान और साहिल दोषी करार, 14 अक्टूबर को सुनाई जाएगी सजा - September 30, 2026
- आगरा नगर निगम में आउटसोर्सिंग सफाई मित्रों को मिले ईएसआई कार्ड: नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बांटे कार्ड, संघ ने की समय पर दस्तावेज जमा करने की अपील - September 30, 2026
- आगरा में मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ ने किया ताजमहल का दीदार: वास्तुशिल्प की सराहना की, जैन समाज ने किया स्वागत - September 30, 2026