ब्रज में श्रीकृष्ण की लीला स्थलियों का दर्शन अब एसी बस से

NATIONAL POLITICS REGIONAL RELIGION/ CULTURE

मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने हरी झंडी दिखाकर दो बसों को किया रवाना

मथुरा। ब्रज में आने वाले श्रद्वालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीला स्थलियों के भ्रमण एवं दर्शन में सुगमता होगी। कण्डक्टड टूअर के संचालन का शुभारम्भ अमृत महोत्सव की श्रृंखला में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर  मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चैधरी ने हरी झंडी दिखाकर दो बसों को रवाना किया। कण्डक्टड टुअर स्मार्ट सिटी की बसों के माध्यम से संचालित किया जायेगा। एक टूअर वृन्दावन से प्रारम्भ होकर मथुरा, गोवर्धन एवं गोकुल होते हुए वापस वृन्दावन पर समाप्त होगा। जबकि दूसरा दूअर मथुरा से प्रारम्भ होकर गोवर्धन एवं गोकुल होते हुए वापस मथुरा पर समाप्त होगा।

दोनों बसें वातानुकूलित हैं, इन टूअर्स में यात्रियों को भ्रमण एवं दर्शन हेतु पर्याप्त समय का निर्धारण किया गया है। ये बस सेवायें पर्यटकों की सुविधा के दृष्टिकोण से अत्यंत उपयोगी, पर्यटन गतिविधि होगी। इस कण्डक्टेड टुअर का किराया 200 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है तथा एक डेस्टिनेशन से दूसरे डेस्टिनेशन के मध्य का किराया प्रति डेस्टिनेशन 50 रुपये निर्धारित किया गया। डेस्टिनेशन के मध्य रास्ते की सवारी प्रतिबंधित रहेगी।

मथुरा से प्रारम्भ होने वाली बस सेवा प्रातः 8.30 बजे रेलवे स्टेशन मथुरा जंक्शन से गोकुल हेतु रवाना होगी। 9.15 से 10.30 बजे तक गोकुल भ्रमण करेगी और गोवर्धन के लिए प्रस्थान करेगी। 12 से दो बजे गोवर्धन दर्शन कराएगी, दो से तीन बजे तक भोजन एवं विश्राम तथा उसके बाद मथुरा के लिए प्रस्थान करेगी। चार से पांच बजे तक श्रीकृष्ण जन्मस्थान, मथुरा दर्शन करायेगी। वृन्दावन से प्रारम्भ होने वाली बस सेवा प्रातः साढे सात बजे टीएफसी वृन्दावन से श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए प्रस्थान करेगी, 8.15 से 9.15 बजे तक श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन करायेगी। 10.30 से 01 बजे तक गोवर्धन पहुंचकर दर्शन कराएगी, 01 से 02 बजे तक भोजन और उसके बाद गोकुल हेतु प्रस्थान करेगी। 3.30 से 4.30 बजे तक गोकुल आगमन पर गोकुल दर्शन एवं पूजन कराएगी और उसके बाद वृन्दावन हेतु प्रस्थान करेगी तथा 5.30 बजे वृन्दावन पहुंचेगी।