dr bhanu pratap singh editor

यहां 26 जनवरी, 2018 से नित्य झंडारोहण; आंधी, तूफान, बारिश, जलभराव पर भारी तिरंगे के दीवाने

NATIONAL POLITICS PRESS RELEASE REGIONAL

गांधी जयंती पर पत्रकार डॉ. भानु प्रताप सिंह ने फहराया तिरंगा

Agra, Uttar Pradesh, India. अजीत नगर बाजार कमेटी के सुंदर लाल चेतवानी ने मुझे 9 अक्टूबर, 2021 को फोन किया। आग्रह किया कि गांधी जयंती पर दो अक्टूबर, 2021 को तिरंगा चौक पर तिरंगा फहराएं। मुझे बड़ी प्रसन्नता हुई। तिरंगा चौक पर ध्वजारोहण अपने आप में गौरव की बात है। मैंने तत्काल हामी भरी। शास्त्रीपुरम, सिकंदरा, आगरा स्थित आवास से ठीक प्रातः नौ बजे चल दिया। सिकंदरा-बोदला रोड पर दहतोरा मोड़ से जाम शुरू हुआ तो मारुति एस्टेट चौराह तक यही हाल रहा। जब मैं सीटीवी नेटवर्क द्वारा निकाले गए अखबार ‘द सी एक्सप्रेस’ का संपादक था तो घर से मानस नगर तक 10 मिनट में पहुंच जाता था। आज 20 मिनट लग गए। थोड़ा सा तनाव हो गया कि समय पर नहीं पहुंच पाऊँगा। मुझे पता था कि अगर अतिथि समय पर नहीं पहुंचता है तो उसकी प्रतीक्षा नहीं की जाती है। कार्यक्रम निर्धारित अवधि में ही होता है। खैर, खींचतान के बाद 9.32 पर पहुंच गया।

कार्यक्रम स्थल पर कोई नहीं था। मैंने सुंदरलाल चेतवानी को फोन किया। उन्होंने कहा कि दो मिनट में आता हूँ। जरा सी देर बाद मेरे पास एक सज्जन आए और पूछा कि क्या आप क्या झंडारोहण के लिए आए हैं। मैंने हां कहा तो वे बोले कि हम तो आपकी ही प्रतीक्षा कर रहे थे। वे मुझे सामने ही राजेश यादव के कार्यालय में ले गए। वहां पहले से ही कई लोग बैठे हुए थे। कुछ ही क्षणों में चेतवानी जी आ गए। फिर परिचय का दौर चला। मुझे बताया गया कि 26 जनवरी, 2018 से नित्यप्रति झंडारोहण किया जा रहा है। एक भी दिन नागा नहीं हुई है। आंधी, तूफान, बारिश का भी झंडारोहण कार्यक्रम को प्रभावित नहीं कर पाती है। बारिश में तो घुटनों तक पानी भर जाता है, लेकिन झंडारोहण अवश्य होता है। झंडारोहण के लिए बारिश के रुकने की प्रतीक्षा नहीं की जाती है।

झंडारोहण के दौरान डॉ. भानु प्रताप सिंह के साथ हैं सुंदरलाल चेतवानी, परमात्मा सिंह अरोरा आदि।

निर्धारित समय पर दो कमांडो के घेरे में मुझे तिरंगा चौक पर जाया गया।एक कमांडो मेरे साथ सम्मान के साथ तिरंगा लेकर चल रहा था। चौक पर आ गए। मैं कमांडो के बीच में था। तीन बार सायरन बजा। यह इस बात का संकेत था कि झंडारोहण होने वाला है, सभी लोग सतर्क हो जाएं। सायरन बजने के साथ ही चौराहे पर शांति छा गई। यातायात रुक गया। मैंने झंडारोहण किया। फिर राष्ट्रगान शुरू हो गया। मैंने देखा कि सभी दुकानदार, राहगीर जहां के तहां थम गए। खड़े हो गए। दुकानों में खरीदारी करने आए ग्राहक भी सावधान की मुद्रा में खड़े हो गए। 52 सेकेंड्स के लिए सिर्फ एक ही आवाज- जनगणमन…। अंत में भारत माता की जय, वंदे मातरम की गूंज और फिर से यातायात शुरू। फोटोग्राफी हुई। अजीत नगर बाजार कमेटी के सदस्यों ने मेरे साथ फोटो खिंचवाई।

मुझे फिर से कार्यालय ले जाया गया। एक बार फिर सबने परिचय दिया। इसी दौरान पता चला कि राजेश यादव का जन्मदिन है। केक काटा गया। उन्हें गुलाब के फूलों की माला पहनाई गई। बधाई दी गई। सब राजेश यादव को केक खिलाने लगे। इस दौरान गांधी जी के बारे में भी चर्चा हुई। अवगत कराया कि गांधी जी एक मात्र ऐसी शख्सियत हैं, जिनकी मूर्तियां 84 देशों में हैं। वे कभी अमेरिका नहीं गए लेकिन उनके नाम पर अमेरिका में कई संस्थाएं हैं। गांधी जी ने ब्रिटेन के खिलाफ संघर्ष किया और उस ब्रितानी सरकार ने गांधी जी पर डाक टिकट जारी किया। देश के सभी प्रमुख शहरों में महात्मा गांधी मार्ग है।

झंडारोहण के दौरान डॉ. भानु प्रताप सिंह

मुझे चौराहे पर कागज का एक टुकड़ा तक नहीं मिला। पूछा तो बताया कि अजीत नगर बाजार कमेटी ने हर दुकानदार को डस्टबिन दे ऱखे हैं। सब्जी मंडी में भी यही व्यवस्था है। ठेल वाले निर्धारित स्थल से आगे नहीं आ सकते हैं। अगर कोई राहगीर गुटखा खाकर पाउच फेंकता है तो से टोका जाता है। पाउच को डस्टबिन में डलवाया जाता है। पूरा रोड साफ-सुथरा देखकर मन प्रसन्न हो उठा। मैंने आयोजकों को सुझाव दिया कि तिरंगा चौक पर ध्वजारोहण एक विश्व रिकॉर्ड है। इसे गिनीज बुक, इंडिया बुक, एशिया बुक के लिए भेजा जाना जाना चाहिए। यह सुझाव सबको पसंद आया। तिरंगा चौक की प्रसिद्धि सेल्फी पॉइंट के रूप में भी है। यहां हरियाली देखते ही बनती है।

कमेटी ने चौराहे पर जनसंदेश टाइम्स को बधाई देने वाला एक होर्डिंग लगा रखा है। चार अक्टूबर को जनसंदेश टाइम्स का द्वितीय स्थापना दिवस है।

इस मौके पर बाजार कमेटी परिवार के सदस्य राजेश यादव, सुन्दर लाल चेतवानी,  परमात्मा सिंह अरोरा, अजय नोतनानी, मनोज नोतनानी, संजय नोतनानी, दिनेश अरोरा, उदयवीर सिंह चाहर, डॉ. राजकुमार रंजन,  शिव शंकर सहज, अरुण सिंह, तेज सिंह कमांडो, महेन्द्र यादव, इमरान अब्बास, रिंकू अग्रवाल, उत्कर्ष यादव, अनुराग कुशवाह अनुराग, अरुण चौहान आदि उपस्थित थे।

Dr. Bhanu Pratap Singh