आगरा। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट की। बैठक में किसानों के हित, ग्रामीण विकास और भारतीय कृषि को आत्मनिर्भर बनाने से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
अंतर्राष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र के शिलान्यास पर बनी सहमति
मुलाकात के दौरान सींगना में प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र के भव्य शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर सहमति बनी। सांसद चाहर ने कहा कि यह केंद्र क्षेत्र के किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत शोध और नवाचारों से जुड़ाव के माध्यम से आलू उत्पादक किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष फोकस रहेगा।
उन्होंने बताया कि केंद्र की स्थापना से किसान उच्च गुणवत्ता के आलू बीज स्वयं तैयार कर सकेंगे और उन्हें देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने के अवसर मिलेंगे। इससे न केवल स्थानीय किसानों को सीधा लाभ होगा, बल्कि भारतीय आलू उत्पादन में गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मकता भी बढ़ेगी।
किसान-मजदूर कल्याण और ग्रामीण विकास पर जोर
बैठक में केंद्र सरकार की किसान एवं मजदूर हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गांवों के सर्वांगीण विकास और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने पर भी सकारात्मक संवाद हुआ। “विकसित भारत” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया गया।
सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों, मजदूरों और ग्रामीण भारत के उत्थान के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। आने वाला समय भारतीय कृषि के लिए परिवर्तन और प्रगति का होगा, जिसमें आय वृद्धि, तकनीकी सशक्तिकरण और वैश्विक बाजारों तक पहुंच को नई मजबूती मिलेगी।
- 200 साल पुराने श्री धनकामेश्वर मंदिर में सावन महोत्सव का भक्तिमय आगाज: सत्यनारायण कथा और महा रुद्राभिषेक से गूंजा मोती कटरा - August 2, 2026
- 108 रुद्राभिषेक के संकल्प के साथ श्री खाटू श्याम मंदिर में सावन महोत्सव की धूम, बाबा श्याम और महादेव के दिव्य श्रृंगार ने भक्तों को किया मंत्रमुग्ध - August 2, 2026
- पर्यावरण संरक्षण की मुहिम: लॉयंस क्लब फ्लेमिंगो ने हेरिटेज गार्डन में रोपे फलदार और छायादार पौधे, माली को भेंट की राशन सामग्री - August 2, 2026