लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस व उसके सहयोगी दल दलितों और पिछड़ों को मिलने वाले आरक्षण को कम कर उनका हक मुसलमानों को देना चाहती है। वो आरक्षण का धार्मिक आधार पर बंटवारा करना चाहते हैं। यह बात सीएम योगी बुधवार को लखनऊ में मीडिया को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस का एक ही मकसद है कि किसी भी तरह से सत्ता में आएं और अपना तालिबानी एजेंडा लागू करें। कांग्रेस ने पहले भी आरक्षण को छीनने का प्रयास किया था, लेकिन व्यापक विरोध होने के कारण उन्हें अपने मंसूबों में सफलता नहीं मिली। रंगनाथ मिश्र कमेटी और सच्चर कमेटी के जरिए भी एससी एसटी का आरक्षण मुस्लिमों को देना चाहती थी। इसीलिए कांग्रेस जातीय जनगणना करा रही है जिससे समाज का ताना बाना छिन्न भिन्न कर कर वर्ग विशेष को लाभ दे सके। कांग्रेस देश की कीमत पर सत्ता चाहती है। कांग्रेस तालिबानी कानून लागू करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मकसद देश में तीन तलाक और शरिया कानून लागू करना है। यह आधी आबादी का अपमान तो है ही साथ ही उनके खतरनाक मंसूबे दिखाता है। कांग्रेस अपने उस पुराने डीएनए को दिखा रही है जिससे 1947 में देश का बंटवारा हुआ था।
भाजपा को हर तबके का मिल रहा है समर्थन
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भाजपा के समाज के हर तबके का वोट मिल रहा है। दूसरे चरण में 89 सीटों पर मतदान है। 18 चुनावों में पहली बार देश परिणाम को लेकर आश्वस्त है क्योंकि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर मोर्चे पर सर्वांगीण विकास के कार्य किए हैं जिसका लाभ सभी को मिला है। वैश्विक मंच से लेकर आम जनता की अपेक्षाओं तक पर काम हुआ है। बिना भेदभाव के पहली बार सभी को योजनाओं का लाभ मिला है।
देश के 80 करोड़ लोगों को राशन और 50 करोड़ लोगों को हेल्थ बीमा पहली बार मिला है। पहले चरण चुनाव के पहले संकल्प पत्र जनता के सामने रखा था। कांग्रेस और सहयोगियों के घोषणा पत्र के खतरनाक इरादे नजर आते हैं। कांग्रेस का गरीबी हटाओ का नारा नारा ही रह गया। उनकी योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गईं। उन्होंने जनता से समझदारी से वोट का इस्तेमाल करने की बात कहते हुए भाजपा को वोट देने की अपील की है।
-एजेंसी
- ज़ाइडस पिंकाथॉन 12 शहरों तक पहुंचा, लक्ष्य 52 शहरों में विस्तार - October 26, 2026
- ‘बीजेपी लाख षड्यंत्र कर ले, गठबंधन को छू भी नहीं सकती…’: ‘200 सीट’ वाले पोस्टर पर यूपी कांग्रेस प्रभारी का करारा जवाब” - October 25, 2026
- कांग्रेस के ‘200 सीट हक’ वाले पोस्टर पर अखिलेश यादव का पलटवार, बोले- ”गठबंधन से बीजेपी के पेट में हुआ दर्द, डर के मारे लगवा रही नकली पोस्टर” - October 25, 2026