कांग्रेस ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल पर ये आरोप लगाया कि वो संसद की सुरक्षा में हुई चूक के मामले से लोगों का ध्यान भटका रही है.
कांग्रेस का ये भी कहना है कि संसद में दर्शक दीर्घा से लोकसभा के फ्लोर पर कूदने वाले लोगों को बीजेपी के एक सांसद ने पास जारी किया था.
कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश का ये बयान बीजेपी के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय के उस सोशल पोस्ट के बाद आया है जिसमें उन्होंने एक्स पर बुधवार को संसद भवन के परिसर से गिरफ़्तार की गई महिला की तस्वीर शेयर की थी.
अमित मालवीय ने अपने सोशल पोस्ट में जो तस्वीर शेयर की है, उसमें वो महिला कथित तौर पर कांग्रेस के लिए कैम्पेनिंग करती हुई दिख रही हैं.
इस पर जयराम रमेश ने अपने बयान में कहा है, “बीजेपी आईटी सेल किसी भी तरह से दो तथ्यों से ध्यान भटकाना चाहती है. पहला, संसद की सुरक्षा में गंभीर चूक हुई थी. दूसरा, लोकसभा में खतरनाक ढंग से घुसपैठ करने वालों को मैसूर से बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा ने संसद में प्रवेश की इजाज़त दी थी.”
अमित मालवीय ने अपने बयान में संसद भवन के परिसर से गिरफ़्तार की गई महिला को ‘आंदोलनजीवी’ और कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का सक्रिय समर्थक बताया था.
-एजेंसी
- राहुल गांधी का प्रधानमंत्री पर बड़ा हमला: “पीएम मोदी करा रहे हैं मेरा फोन टैप, मोबाइल में मौजूद हैं सारे सबूत” - November 14, 2026
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तड़के भीषण हादसा: ट्रक में घुसी मिनी बस, दो की मौत और 11 घायल - November 14, 2026
- आगरा में पहली बार निकली ऐतिहासिक चक्रवर्ती दिग्विजय शोभायात्रा: हाथियों, घोड़ों और भव्य झांकियों संग झूम उठा जैन समाज - November 14, 2026