मौलाना तौकीर रजा की बहू निदा खान ने भाजपा का दामन थामा

POLITICS


यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के चलते नेताओं का दल बदलने का दौर जारी है। रविवार को बड़ी संख्या में नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसमें कई दलों के नेताओ के साथ बरेली की निदा खान ने भी भाजपा का दामन थामा है। तीन तलाक की लड़ाई लड़ रही निदा खान हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए मौलाना तौकीर रजा की बहू है। कांग्रेस नेता तौकीर रजा पर आरोप लगाकर निदा चर्चा में आई थीं।
निदा ने भाजपा के तीन तलाक कानून की सराहना की
भाजपा में शामिल होने के बाद बरेली की तीन तलाक पीड़िता निदा खान ने कहा कि मैं भाजपा में इसलिए शामिल हुई, क्योंकि इसने तीन तलाक कानून लाई और सभी धर्मों की महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए काम किया। मेरे ससुर चाहे जो कहें, ये मेरा व्यक्तिगत फैसला है। मुस्लिम महिलाएं निश्चित तौर पर भाजपा का समर्थन करेंगी। लखनऊ स्थित बीजेपी कार्यालय में वरिष्ठ नेता लक्ष्मीकांत बाजपेयी की अगुवाई में रविवार को अन्य दलों से आए करीब 20 से ज्यादा नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसमें कई दिग्गज नेता भी शामिल रहे।
निदा मौलाना तौकीर रजा पर लगा चुकी हैं आरोप
हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए मौलाना तौकीर रजा पर गंभीर आरोप लगाकर निदा खान चर्चा में आई थीं। उन्होंने कहा था कि जो आदमी अपने घर के मामलों को अभी तक नहीं निपटा पाया, वो समाज के लिए क्या कर पाएंगा, वो खुद को प्रियंका वाड्रा का बड़ा भाई बताकर साथ में खड़े रहने की बात करते हैं, मैंने उनके बड़े-बड़े दावे सुने, मुझे ये समझ नहीं आया कि जब मैं उनके घर की बहू बनी और मेरे साथ नाइंसाफी हुई तो मेरे साथ आज तक इंसाफ क्यों नहीं हुआ?
निदा खान ने मौलाना तौकीर पर निशाना साधते हुए कहा था कि मौलाना की यह सब ढकोसले बाजी है, उन्होंने कभी महिलाओं का सम्मान नहीं किया हैं। तीन तलाक, जिसकी वजह से उनको कोर्ट के धक्के खाने पड़े। शिकायत करने के बाद भी कभी साथ नहीं दिया। उनके मान सम्मान को कुचलने के लिए हमेशा महिलाओं के खिलाफ फतवे जारी करते रहे और अब वो कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं, वह भी लड़की हूं लड़ सकती हूं, महिलाओं के सम्मान की बात करते हुए यह सब उनका कांग्रेस को जिताने के लिए षड्यंत्र है।
कांग्रेस पर साधा था निशाना
निदा ने मौलाना तौकीर रजा के सहारे कांग्रेस पर भी निशाना साधा था। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा था कि कांग्रेस ने भी कभी महिलाओं के सम्मान की बात नहीं की। तीन तलाक का हमेशा विरोध कियाय़ सपा सरकार में जब उनको तीन तलाक दिया गया तो वह दर-दर भटकती रहीं। उनको कहीं न्याय नहीं मिला, बल्कि न्याय के बदले जान से मारने की धमकी मिली। फतवे जारी किए गए कि निदा के मरने पर उसके जनाजे में कोई मुसलमान शामिल नहीं होगा। उसका हुक्का पानी बन्द कर दिया जाएगा। भाजपा सरकार आने के बाद उसको सुरक्षा और न्याय मिला।
निदा खान आला हजरत खानदान की बहू हैं
जानकारी के मुताबिक आला हजरत खानदान के मौलाना उस्मान रजा खान उर्फ अंजुम मियां के बेटे शीरान रजा खान के साथ निदा खान का निकाह हुआ था। मौलाना उस्मान आईएमसी मुखिया मौलाना तौकीर रजा खान के बड़े भाई हैं। निदा का शीरान से तलाक हो चुका है। जिसकी लड़ाई निदा आज भी लड़ रही हैं।
-एजेंसियां