लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश का दौर जारी है, जिससे कई इलाकों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 6 नवंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान मौसम ठंडा और नम बना रहेगा, जबकि बारिश के बाद ठंड में और इजाफा होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार 31 अक्टूबर से 6 नवंबर के बीच यूपी के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शुक्रवार, 31 अक्टूबर को विंध्य, बुंदेलखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
इन जिलों में बारिश जारी
मौसम रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे ज़्यादा 47.8 मिमी. बारिश झांसी में दर्ज की गई। इसके अलावा उरई में 40 मिमी., हमीरपुर में 24 मिमी. बारिश हुई।
अयोध्या, कानपुर, सुलतानपुर, इटावा, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, बलिया, बहराइच, प्रयागराज और गोरखपुर में भी हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है।
लखनऊ में तापमान 7.5 डिग्री तक गिरा
राजधानी लखनऊ में 22.9 मिमी. वर्षा दर्ज की गई, जिससे तापमान में तेज गिरावट आई है। पिछले 24 घंटे में राजधानी का अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 7.5 डिग्री कम है। वहीं बाराबंकी और अयोध्या में न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
दिल्ली में छाई धुंध की परत
उधर, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह और देर शाम धुंध की चादर छाई रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पृथ्वी की सतह के पास प्रदूषक कणों के जमा होने से दृश्यता में कमी आ सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश थमने के बाद ठंडक और प्रदूषण दोनों का असर बढ़ सकता है।
- ‘बीजेपी लाख षड्यंत्र कर ले, गठबंधन को छू भी नहीं सकती…’: ‘200 सीट’ वाले पोस्टर पर यूपी कांग्रेस प्रभारी का करारा जवाब” - October 25, 2026
- कांग्रेस के ‘200 सीट हक’ वाले पोस्टर पर अखिलेश यादव का पलटवार, बोले- ”गठबंधन से बीजेपी के पेट में हुआ दर्द, डर के मारे लगवा रही नकली पोस्टर” - October 25, 2026
- सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की अटकलों के बीच होर्डिंग वार: अब “200 सीट हक है हमारा… यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा” के लगे पोस्टर - October 25, 2026