यूपी चुनाव के लिए चंद्रशेखर आजाद का बड़ा दांव: 34 विधानसभा सीटों के प्रभारियों की तीसरी सूची जारी

POLITICS

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने अपनी सांगठनिक और चुनावी तैयारियां बेहद तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद के निर्देशों पर पार्टी ने प्रदेश की 34 महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों के लिए प्रभारियों की तीसरी सूची जारी कर दी है। इस नई सूची की सबसे बड़ी और अहम बात यह है कि इसमें शामिल सभी 34 नाम PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग से जुड़े हुए हैं। खास बात यह है कि इस सूची में एक भी नाम ब्राह्मण, ठाकुर या अन्य सामान्य (सवर्ण) वर्ग से नहीं रखा गया है।

​PDA समीकरण को प्राथमिकता, 17 दलित और 9 मुस्लिम चेहरे

पार्टी द्वारा जारी की गई इस 34 सदस्यीय सूची के जातीय और सामाजिक समीकरणों पर नजर डालें तो इसमें दलित (अनुसूचित जाति) समाज के 17, मुस्लिम समुदाय के 9 और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के 8 नेताओं को विधानसभा प्रभारियों की जिम्मेदारी दी गई है। इस तरह चंद्रशेखर आजाद ने तीसरी सूची के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर रोहिलखंड और पूर्वांचल तक अपनी पार्टी के पारंपरिक ‘पीडीए’ समीकरण को पूरी मजबूती से साधने की रणनीति बनाई है।

​प्रभारियों से ही प्रत्याशी तय करने की रणनीति

दरअसल, आजाद समाज पार्टी बहुजन समाज पार्टी (BSP) की स्थापित चुनावी कार्यशैली की तर्ज पर चुनाव से काफी पहले ही विधानसभा सीटों पर प्रभारी नियुक्त कर रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन नियुक्त किए गए प्रभारियों को ही आगे चलकर संबंधित सीटों पर पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया जा सकता है। चुनाव से पहले प्रभारी बनाए जाने से संभावित प्रत्याशियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और सीधे मतदाताओं तक पहुँच बनाने का पर्याप्त समय मिल सकेगा।

​AIMIM से गठबंधन के बाद पहली बड़ी सूची

इस सूची का राजनीतिक महत्व इसलिए भी काफी बढ़ गया है, क्योंकि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और आजाद समाज पार्टी के बीच ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चे’ के तहत हुए हालिया गठबंधन के ऐलान के बाद यह चंद्रशेखर आजाद की पहली सूची है। हालांकि, दोनों सहयोगी दलों के बीच सीटों के औपचारिक बंटवारे और फॉर्मूले को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी चुनाव में AIMIM और आजाद समाज पार्टी किन-किन और कितनी-कितनी सीटों पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतारती हैं।

​प्रमुख विधानसभा सीटों पर इन्हें मिली जिम्मेदारी

जारी सूची के अनुसार, मुजफ्फरनगर की पुरकाजी (सुरक्षित) सीट से विनय रतन सिंह, सहारनपुर की रामपुर मनिहारान सीट से कमल सिंह वालिया, मुरादाबाद की कुंदरकी सीट से डॉ. शकील अहमद, गाजियाबाद से पुष्पेंद्र जाटव और गौतमबुद्ध नगर की जेवर सीट से उमेश भाटी देवता को प्रभारी बनाया गया है।​

वहीं ताजनगरी आगरा की बात करें तो आगरा दक्षिण से जावेद कुरैशी, आगरा उत्तर से अर्जुन दिवाकर और खैरागढ़ से भूपेंद्र कुशवाहा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा कासगंज से एडवोकेट प्रमोद कुमार, बरेली से मोहम्मद शरीफ अलवी, कन्नौज से सुनील दिवाकर, झांसी नगर से संतोष फौजी और वाराणसी की अजगरा (सुरक्षित) सीट से संदीप कुमार बाबा को प्रभारी घोषित किया गया है।

​चंद्रशेखर आजाद का यह नया सियासी दांव उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक में सीधी सेंधमारी करने की दिशा में एक बड़ा रणनीतिक कदम माना जा रहा है।

Dr. Bhanu Pratap Singh