मिर्जापुर। जिले के कछवा थाना क्षेत्र में अपराधियों की सूची में भारतीय जनता पार्टी मझवां मंडल उपाध्यक्ष भोनू सिंह का नाम शामिल किए जाने से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। कछवा पुलिस द्वारा तैयार की गई यह सूची कछवा-जमुआ मार्ग चौराहा, थाना परिसर और मिशन तिराहा पर फ्लेक्सी बोर्ड के रूप में लगाई गई है। सूची में भोनू सिंह का नाम चेन स्नेचरों और लुटेरों की श्रेणी में दर्ज है।
भोनू सिंह अपने फेसबुक प्रोफाइल पर भाजपा मझवां मंडल उपाध्यक्ष का पदनाम उपयोग करते हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, भाजपा काशी क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल, और मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य के साथ कई तस्वीरें भी मौजूद हैं।
विपक्ष ने साधा निशाना
इस प्रकरण को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने भाजपा पर हमला बोला है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा, “मिर्जापुर पुलिस ने चेन लुटेरों की सूची जारी की है, जिसमें पहले नंबर पर भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष भोनू सिंह का नाम शामिल है। अब तो भाजपा सरकार भी मान रही है कि प्रदेश में अपराध करने में भाजपाई ही नंबर 1 हैं।”
वहीं समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि “जनपद ही नहीं, पूरे प्रदेश में भाजपा के लोग इस तरह के कार्यों में लिप्त हैं और बदनाम विपक्ष किया जा रहा है। जब पुलिस स्वयं इनके फोटो लगा रही है, तो जनता खुद अंदाजा लगा सकती है कि ये लोग किस तरह सेवा कर रहे हैं।”
पुलिस ने जारी की अपराधियों की सूची
सूत्रों के अनुसार, मिर्जापुर जिले की विभिन्न कोतवालियों ने चेन स्नैचिंग, चोरी और लूट के आरोपियों की सूची सार्वजनिक की है।
शहर कोतवाली – 9 नाम
कटरा कोतवाली – 8 नाम
देहात कोतवाली – 7 नाम
कछवा कोतवाली – 5 नाम
चील्ह कोतवाली – 4 नाम
चुनार कोतवाली – 2 नाम
इन सूचियों को संबंधित थानों के अंतर्गत प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर फ्लेक्सी बोर्ड के रूप में लगाया गया है।
पुलिस अधिकारियों का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया कि “पिछले 15 वर्षों में चेन स्नैचिंग, चोरी और लूट से जुड़े मामलों में आरोपित रहे व्यक्तियों की पहचान कर जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से उनके फोटो सार्वजनिक किए जा रहे हैं, ताकि दोबारा ऐसे अपराध न हों।”
वहीं सीओ सदर अमर बहादुर ने कहा कि “भोनू सिंह के खिलाफ 2014 में मोटरसाइकिल चोरी का मुकदमा दर्ज था। उसी रिकॉर्ड के आधार पर उनका नाम सूची में शामिल किया गया है।”
भाजपा ने दी सफाई
भोनू सिंह का नाम सूची में आने के बाद भाजपा संगठन ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी। भाजपा मीडिया प्रभारी ज्ञान दुबे ने कहा कि “यह मामला सोशल मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आया है। यदि भोनू सिंह वास्तव में पदाधिकारी हैं और उनके खिलाफ अपराध का रिकॉर्ड पाया जाता है, तो उनके विरुद्ध संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी और उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाएगा।”
मझवां मंडल अध्यक्ष आकाश सिंह ने कहा कि “भोनू सिंह के आपराधिक प्रकरण की जानकारी पहले नहीं थी। अब तथ्यों की पुष्टि के बाद जिला अध्यक्ष को पत्र लिखकर उन्हें अनुशासनहीनता के आधार पर निष्कासन की अनुशंसा की जाएगी।”
भोनू सिंह का नाम अपराधियों की सूची में आने से न केवल भाजपा संगठन में असहजता फैल गई है, बल्कि विपक्षी दलों को भी सरकार पर निशाना साधने का मौका मिल गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि पार्टी और प्रशासन इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करते हैं।
साभार सहित
- Tanya Mittal पहुंचीं Shatam Jeeva, Jhansi के 100 एकड़ के आयुर्वेद चिकित्सा केंद्र में, क्या है खास? - September 12, 2026
- दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2026: केंद्रीय हिंदी संस्थान के वरिष्ठ आचार्य प्रो. उमापति दीक्षित सम्मानित - September 11, 2026
- दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2026: केंद्रीय हिंदी संस्थान के वरिष्ठ आचार्य प्रो. उमापति दीक्षित सम्मानित - September 11, 2026