शामली में बोले सीएम योगी: कभी ‘पलायन’ के लिए कुख्यात था यह जिला, अब ‘एक्सप्रेसवे के संगम’ से बदलेगी तस्वीर
शामली/बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शामली को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास का नया केंद्र बताते हुए कहा कि आज यहां की पहचान बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब शामली और कैराना ‘पलायन’ और ‘गुंडागर्दी’ के लिए बदनाम थे, लेकिन अब यह जिला विकास की नई इबारत लिख रहा है। मुख्यमंत्री ने कैराना घराने के संगीत और पंडित भीमसेन जोशी की परंपरा का जिक्र करते हुए शामली की ऐतिहासिक विरासत को नमन किया।
शामली अब एक्सप्रेसवे का ‘संगम’
मुख्यमंत्री ने शामली के विकास पर चर्चा करते हुए कहा कि जिस तरह प्रयागराज त्रिवेणी संगम के लिए विख्यात है, उसी तरह शामली अब दिल्ली-देहरादून, शामली-अंबाला और गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे के संगम स्थल के रूप में विकसित हो रहा है। बेहतर आधारभूत ढांचा और सख्त कानून-व्यवस्था की बदौलत आने वाले समय में शामली एनसीआर के सबसे समृद्ध जिलों में गिना जाएगा।
‘आतंक से विकास तक’ का सफर
सीएम योगी ने कहा कि 10 साल पहले शामली में कानून-व्यवस्था की स्थिति चरमराई हुई थी। कैराना और कांधला से हो रहा पलायन, व्यापारियों का भय और बहन-बेटियों की असुरक्षा यहां की मुख्य पहचान बन गई थी। उन्होंने कहा कि आज ‘डबल इंजन’ सरकार ने न केवल अपराधियों पर नकेल कसी है, बल्कि किसान, युवा और व्यापारियों को सुरक्षित माहौल भी प्रदान किया है।
स्वास्थ्य और बिजली के क्षेत्र में बड़ी छलांग
स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि एक दशक पूर्व शामली में इलाज की बुनियादी व्यवस्थाएं तक नहीं थीं, जबकि आज शामली के अस्पताल कोरोना जैसी महामारी में भी इलाज का प्रमुख केंद्र बनकर उभरे हैं। इसके अलावा, बिजली की बदहाली पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने बताया कि 400 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना से शामली आज पश्चिमी यूपी में निर्बाध बिजली आपूर्ति का प्रमुख हब बन गया है।
255 परियोजनाओं का शिलान्यास/लोकार्पण
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने शामली, बिजनौर और गाजियाबाद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में ₹2,452 करोड़ से अधिक की 255 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने महाभारत काल के धार्मिक महत्व और 1857 की क्रांति में इस क्षेत्र के योगदान को याद करते हुए शामली के गौरवशाली अतीत को पुनः स्थापित करने का संकल्प दोहराया।
डबल इंजन सरकार ने शामली के विकास को नई गति दी
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार मिलकर शामली के विकास को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों के समन्वय से जिले में आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों में तेजी आई है।
‘गन्ना किसानों को 400 रुपये प्रति क्विंटल का मूल्य मिल रहा’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गन्ना किसानों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में कई बड़े फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि आज किसानों को गन्ने का 400 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य मिल रहा है और भुगतान की व्यवस्था भी पहले से बेहतर हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज गन्ना उत्पादन, चीनी उत्पादन और एथेनॉल उत्पादन में देश में अग्रणी राज्य बन चुका है।
पहले चीनी मिलें बंद हुई, अब प्रदेश में 122 मिलें संचालित
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के समय चीनी उद्योग संकट में था, लेकिन सरकार ने इसे पुनर्जीवित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित हो रही हैं, जिससे किसानों और चीनी उद्योग दोनों को लाभ मिला है।
सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार ने गन्ना किसानों के हितों को प्राथमिकता दी, चीनी मिलों को मजबूत किया और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित कराया। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने विकास और किसान हितों को आगे बढ़ाने का काम किया।
अपराधियों के लिए यूपी में जेल या जहन्नुम ही जगह
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कैराना अपराध और पलायन के लिए चर्चा में रहता था। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उनके मुताबिक, आज अपराधियों में कानून का डर है और प्रदेश में कानून-व्यवस्था पहले से मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री ने बिजनौर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को किया नमन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिजनौर मां गंगा की पावन धारा से अभिसिंचित और महात्मा विदुर की कर्मभूमि है। उन्होंने कहा कि यह वही धरती है, जहां भगवान श्रीकृष्ण ने महात्मा विदुर का सान्निध्य प्राप्त किया था। मुख्यमंत्री ने इस पावन भूमि को नमन करते हुए बिजनौरवासियों का स्वागत और अभिनंदन किया।
महान विभूतियों का किया स्मरण
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बिजनौर की साहित्यिक, वैज्ञानिक और सामाजिक विरासत का उल्लेख करते हुए पंडित पद्म सिंह शर्मा, आचार्य दत्तक शर्मा, अबुल फ़ज़ल वफ़ाई, वैज्ञानिक डॉ. आत्माराम, हिंदी ग़ज़लकार दुष्यंत कुमार, महावीर सिंह त्यागी और संविधान विशेषज्ञ डॉ. सुभाष कश्यप जैसी विभूतियों को याद किया। उन्होंने कहा कि बिजनौर की इस गौरवशाली भूमि को वह कोटि-कोटि नमन करते हैं।
दंगा कराने वालों को जिन्ना पसंद है, हमें गन्ना पसंद है
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले बिजनौर में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। उन्होंने दावा किया कि उस समय अपराध और माफिया का दबदबा था, जबकि आज सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के कारण जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास को गति मिली है।
सीएम ने कहा कि कुछ लोग ऐसा बिजनौर चाहते थे जो गुंडों, अपराधियों और माफियाओं के कब्ज़े में रहे। वे समाज को बांटने की राजनीति करते हैं। लेकिन हमें जिन्ना नहीं, गन्ना पसंद है, इसलिए हमारी प्राथमिकता गन्ना किसान और गन्ने का मूल्य बढ़ाना है।
- डीग रेलवे स्टेशन का कायाकल्प: पीएम मोदी ने किया लोकार्पण, 15.24 करोड़ में मिलीं वर्ल्ड-क्लास सुविधाएं - July 17, 2026
- डीग रेलवे स्टेशन का कायाकल्प: पीएम मोदी ने किया लोकार्पण, 15.24 करोड़ में मिलीं वर्ल्ड-क्लास सुविधाएं - July 17, 2026
- आगरा मेट्रो की बड़ी उपलब्धि: सिकंदरा तक के सभी 152 पिलर तैयार, जल्द शुरू होगा अगले चरण का विस्तार - July 17, 2026