आगरा: ताजनगरी के मसीही समाज ने रविवार को पूर्ण श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ ‘खजूर रविवार’ (Palm Sunday) मनाया। इसके साथ ही ईसाइयों के सबसे पवित्र और आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण ‘पैशन वीक’ (पवित्र सप्ताह) की शुरुआत हो गई है।
शहर के कलेक्ट्रेट स्थित सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च और हैवलॉक मैथोडिस्ट चर्च सहित विभिन्न गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं, जहाँ प्रभु यीशु मसीह के यरूशलम में विजय प्रवेश की पावन स्मृति को जीवंत किया गया।
’होसन्ना-होसन्ना’ के भजनों से गुंजायमान हुए चर्च
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जब प्रभु यीशु गधे पर सवार होकर यरूशलम पहुंचे थे, तब लोगों ने खजूर की डालियां बिछाकर उनका स्वागत किया था। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए आगरा के श्रद्धालुओं ने हाथों में खजूर की पवित्र डालियां थामकर ‘होसन्ना-होसन्ना’ के मधुर भजनों के साथ शोभायात्राएं निकालीं और विशेष प्रार्थना में भाग लिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई प्रभु की भक्ति में सराबोर नजर आया।
युवाओं को ‘पवित्र भोज’ और समाज सेवा का संकल्प
हैवलॉक और सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च में महाधर्माध्यक्ष बिशप न्यूटन परमार ने कन्फर्मेशन (दृढ़ीकरण) के लिए आए युवाओं को ‘पवित्र भोज’ (Holy Communion) ग्रहण कराया। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए अनुशासन, धार्मिक निष्ठा और मानवता की सेवा की शपथ दिलाई। बिशप ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन को पवित्रता के साथ समाज कल्याण के कार्यों में लगाएं।
त्याग, प्रेम और बलिदान का संदेश
सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च के रेवरेन पंकज इंद्रजीत आर्य और हैवलॉक चर्च के पादरी अर्पण जैकब ने विशेष संदेश देते हुए कहा कि खजूर रविवार विनम्रता और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने प्रभु यीशु के बलिदान और प्रेम की शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। प्रार्थना सभाओं के दौरान विशेष रूप से देश में सुख-शांति, आपसी सौहार्द और भाईचारे की मजबूती के लिए सामूहिक दुआएं मांगी गईं।
पवित्र सप्ताह के कार्यक्रम
पाम संडे के साथ ही अब पूरे सप्ताह विशेष आयोजन चलेंगे। सोमवार से लेकर ‘मौंडी थर्सडे’, ‘गुड फ्राइडे’ और अंत में ‘ईस्टर संडे’ (प्रभु के जी उठने का पर्व) तक चर्चों में विशेष आराधना और बलिदान की गाथाएं सुनाई जाएंगी।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी राकेश जैकब सहित मसीही समाज के अनेक गणमान्य लोग और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
- ’बोधित्व’ थीम पर सजेगी आगरा की ऐतिहासिक भीमनगरी: GIC मैदान में भूमि पूजन संपन्न, 125 फीट ऊँचे भव्य महल में विराजेगा बाबा साहेब का गौरव - March 29, 2026
- आगरा में शिक्षा का ‘संग्राम’: किताबों की कालाबाजारी पर युवा शक्ति संगठन और स्कूल संचालक आमने सामने, तख्तियां लेकर यूथ हॉस्टल पहुंचे अभिभावक - March 29, 2026
- आगरा में गूंजी अमन की दुआ: “विश्व पटल पर कायम हो शांति”, जंग की समाप्ति के लिए मासूमों ने भी उठाए हाथ - March 29, 2026