सलमान खान के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। सबके दिलों में बसने वाले भाईजान भले ही इस बार ईद पर बड़े पर्दे पर नजर नहीं आएंगे। लेकिन आने वाले दिनों में वह धमाल मचाने वाले हैं। पिछले दिनों साजिद नाडियाडवाला ने कंफर्म किया था कि अगले साल ईद 2025 वह सलमान के साथ धमाका मचाने वाले हैं, वहीं अब अरबाज खान ने भी कन्फर्म किया है कि वह ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी ‘दबंग’ के चौथे पार्ट यानी ‘दबंग 4’ का निर्माण करने वाले हैं। यानी बड़े पर्दे के सबसे पॉपुलर पुलिसवाले चुलबुल पांडे की वापसी होने वाली है।
बीते दिनों ऐसी अफवाह उड़ी थी कि सलमान और उनके भाई अरबाज खान ने ‘दबंग 4’ के लिए ‘जवान’ के डायरेक्टर एटली से मुलाकात की है। अब ‘मिड-डे’ से बातचीत में अरबाज ने यह कहा है कि वह एटली से कभी नहीं मिले हैं। सलमान खान के छोटे भाई अरबाज ने कहा, ‘किसी को भी इन अफवाहों पर तब तक यकीन नहीं करना चाहिए, जब तक कि वह खुद इसकी पुष्टि न कर लें।’
सलमान खान ने ‘दबंग 4’ को दे दी हरी झंडी
एक्टर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर अरबाज ने इसी के साथ ‘दबंग 4’ को कन्फर्म भी किया। उन्होंने कहा कि सलमान खान भी एक बार फिर से पर्दे पर चुलबुल पांडे बनना चाहते हैं, लेकिन ‘सही समय आने पर’ इस फिल्म को लेकर घोषणा होगी और शूटिंग शुरू होगी। अरबाज ने आगे कहा कि सलमान और वह दोनों ही इस समय अपने दूसरे प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं।
क्या ‘दबंग 4’ को खुद डायरेक्ट करेंगे अरबाज खान?
साल 2010 में पहली ‘दबंग’ रिलीज हुई थी। इस फिल्म का डायरेक्शन अरबाज खान ने ही किया था। सोनाक्षी सिन्हा ने इस फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। तब 41 करोड़ के बजट में बनी इस ब्लॉकबस्टर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 140.22 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। अरबाज से पूछा गया कि क्या वह ‘दबंग 4’ को खुद डायरेक्ट करेंगे? इस पर उन्होंने कहा, ‘अभी तक कुछ भी तय नहीं हुआ है। ऐसे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी।’
सलमान खान की अपकमिंग फिल्में
‘दबंग 4’ के अलावा इस वक्त सलमान खान के पास पाइपलाइन में शाहरुख खान के साथ ‘टाइगर वर्सेस पठान’ है। इसके अलावा करण जौहर के साथ उनकी फिल्म ‘द बुल’ है, जिसमें वह आर्मी अफसर की भूमिका में होंगे। इसके अलावा हाल ही साजिद नाडियाडवाला के साथ एक नई फिल्म की भी घोषणा की, जिसका डायरेक्शन एआर मुरुगादॉस करेंगे। समझा जा रहा है कि यह फिल्म ‘किक 2’ होगी।
-एजेंसी
- निजी अस्पतालों ने मोड़ा मुंह, आगरा के SNMC ने बचाई मासूम की जिंदगी: बच्ची की पीठ से सफल सर्जरी कर हटाई ‘फाइब्रोलाइपोमा’ गांठ - November 4, 2026
- आगरा के खंदौली में बंद मकान पर चोरों का धावा: दशहरे पर हुआ था गृह प्रवेश, लाखों के सोने-चांदी के जेवर, बैटरियां व सिलेंडर पार - November 4, 2026
- आगरा में साइबर ठगों का नया और शातिर जाल: बिजली मीटर अपडेट कराने के बहाने महिला के खाते से पार किए 5.48 लाख रुपये; पति को वीडियो कॉल कर दिया झांसा - November 4, 2026