झारखंड-छत्तीसगढ़ सीमा पर लातेहार जिला से सटे बूढ़ा पहाड़ इलाके से माओवादियों के सफाए के लिए झारखंड पुलिस और अर्द्धसैन्य बलों की ओर से साझा अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में सुरक्षा बलों ने 106 से अधिक अलग-अलग लैंड माइंस को निष्क्रिय किया है। इसमें सिलेंडर बम, प्रेशर कुकर बम, केन बम और टिफिन बम शामिल है। सबसे गंभीर बात यह है कि माओवादियों के बंकर से जो विस्फोटक बरामद हुआ हैं, उनमें अधिकांश चाइनीज विस्फोटक हैं। ऐसे में अब यह सवाल खड़ा हो गया है कि नक्सलियों के पास इतनी संख्या में चाइनीज बम कहां से आये।
नक्सलियों के पास पहुंचे चाइनीज विस्फोटक
बूढ़ा पहाड़ से बरामद विस्फोटक सामग्रियों में 10 किलो का 2 सिलेंडर, तीन किलोग्राम का 11 लैंडमाइन, 2 किलोग्राम का 7 लैंडमाइन, एक किलोग्राम का 6 लैंडमाइन, 5 टिफिन बम, 1 प्रेशर कुकर बम, 25 तीर बम, 1 चाइनीज सिलेंडर ग्रेनेड, 35 चाइनीज ग्रेनेड, 3 चाइनीज कोन ग्रेनेड, 2 किलोग्राम अमोनियम नाईट्रेट, 2 किलोग्राम यूरिया, अर्द्ध निर्मित बैरल ग्रेनेड लांचर, ड्रिल मशीन, विभिन्न तरह के 15 पाइप, 20 फीट अल्युनियम सीट, 5 किलो नट बोल्ट, हैंडपंप सिलेंडर, 350 एसएलआर कारतूस, 16 केन लैंडमाइंस, 3 प्रेसर लैंडमाइंस, 500 मीटर कोडेक्स वायर, 100 साइकिल ट्यूब समेत अन्य सामान शामिल है।
बूढ़ा पहाड़ पर सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई
लातेहार के एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि बूढ़ा पहाड़ के इलाके में पुलिस और सुरक्षा बल चारों ओर से घेराबंदी कर छापेमारी कर रहे हैं। इसी दौरान पुलिस को यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि नक्सलियों के पास चाइनीज बम कहां से आए? इसकी भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक यह पूरा इलाका नक्सलियों से खाली ना हो जाए।
- 200 साल पुराने श्री धनकामेश्वर मंदिर में सावन महोत्सव का भक्तिमय आगाज: सत्यनारायण कथा और महा रुद्राभिषेक से गूंजा मोती कटरा - August 2, 2026
- 108 रुद्राभिषेक के संकल्प के साथ श्री खाटू श्याम मंदिर में सावन महोत्सव की धूम, बाबा श्याम और महादेव के दिव्य श्रृंगार ने भक्तों को किया मंत्रमुग्ध - August 2, 2026
- पर्यावरण संरक्षण की मुहिम: लॉयंस क्लब फ्लेमिंगो ने हेरिटेज गार्डन में रोपे फलदार और छायादार पौधे, माली को भेंट की राशन सामग्री - August 2, 2026