आगरा। भगवान श्रीजगन्नाथ, बड़े भाई बलदेव और बहन सुभद्रा की रथयात्रा को लेकर ताजनगरी में उत्साह चरम पर है। इस्कॉन (अंतर्राष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ) आगरा की ओर से आयोजित इस महोत्सव की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। 16 जुलाई को प्रभु नंदीघोष रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे और भक्तों को दर्शन देंगे।
भव्य रथयात्रा का मार्ग और कार्यक्रम
इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप (अरविन्द प्रभु) ने बताया कि 16 जुलाई को दोपहर 3 बजे बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर से रथयात्रा का शुभारंभ होगा। यह यात्रा बल्केश्वर और कमला नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए रश्मि नगर स्थित इस्कॉन मंदिर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं जगह-जगह आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर प्रभु का स्वागत करेंगी।
नयन उत्सव और छप्पन भोग
परंपरा के अनुसार, स्नान पूर्णिमा के बाद 14 दिन के विश्राम और उपचार के उपरांत 14 जुलाई को ‘नयन उत्सव’ होगा, जिसमें भगवान अपने नवयौवन वेश में भक्तों को दर्शन देंगे। अगले दिन 15 जुलाई को मंदिर में दिव्य फूल बंगला और ‘छप्पन भोग’ महोत्सव मनाया जाएगा। अरविन्द प्रभु ने बताया कि भक्त स्वयं अपने घरों में सात्विक व्यंजन तैयार कर प्रभु को भोग लगाने के लिए मंदिर लाएंगे।
गुण्डिचा मार्जन और आमंत्रण यात्राएं
रथयात्रा से पूर्व 12 जुलाई से ‘गुण्डिचा मार्जन’ अनुष्ठान शुरू होगा, जो मंदिर की स्वच्छता और आत्म-शुद्धि का प्रतीक है। वहीं, शहर के हर कोने में रथयात्रा का संदेश पहुँचाने के लिए 10 से 13 जुलाई तक विशेष आमंत्रण यात्राएं निकाली जाएंगी। आयोजन समिति के सदस्य नितेश अग्रवाल ने बताया कि इन यात्राओं के माध्यम से एक लाख श्रद्धालुओं को खिचड़ी प्रसाद वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।
आमंत्रण यात्रा का शेड्यूल:
10 जुलाई: करकुंज चौराहा से पश्चिम पुरी चौराहा।
11 जुलाई: पीपल वाला गेट से किनारी बाजार, रावतपाड़ा होते हुए बेलनगंज।
12 जुलाई: सुबह डिफेंस एस्टेट से बिंदू कटरा और शाम को बल्केश्वर से इस्कॉन मंदिर तक।
13 जुलाई: आजाद पेट्रोल पंप, संजय प्लेस से कॉसमॉस मॉल तक।
विमोचन कार्यक्रम में सुधीर अग्रवाल, शैलेश बंसल, अनूप अग्रवाल, अखिल मोहन मित्तल सहित शहर के कई प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे।
- आगरा में AI का खौफनाक दुरुपयोग: युवती की आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल, एक ही परिवार के 4 पर केस - July 13, 2026
- आगरा के सूर सदन में कविताओं की महफिल: ‘घर के वास्ते’ काव्य संध्या में स्वयं श्रीवास्तव और मानिका दुबे ने बांधा समां - July 13, 2026
- आगरा के डीईआई का ‘वृक्षारोपण महायज्ञ–2026’: 1,200 स्वयंसेवकों ने यमुना तट से कैंपस तक लगाए 2,800 पौधे - July 13, 2026