आगरा। महंगे शौक, महिला मित्रों पर बेतहाशा खर्च और आलीशान जीवन जीने की चाहत में दो शातिर चोरों ने अपराध का रास्ता चुन लिया। थाना सदर पुलिस ने ग्राम खरगा में हुई चोरी की बड़ी घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए गैंगस्टर रह चुके रजनीकांत और उसके साले विजय को गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों आरोपी चोरी की रकम का अधिकांश हिस्सा अपनी महिला मित्रों को महंगे होटलों में ले जाने, ब्रांडेड कपड़े, जूते खरीदने और उपहार देने पर उड़ा देते थे।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी बहुत ही सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। वे सबसे पहले उन मकानों की रेकी करते थे, जहां परिवार के सदस्य बाहर गए होते थे या जिन घरों में लंबे समय से ताले लगे होते थे। पूरी पुख्ता जानकारी जुटाने के बाद मौका देखकर वे बंद मकानों में घुसकर चोरी करते थे। ग्राम खरगा में हुई चोरी के मामले में पुलिस को जांच के दौरान ठोस सुराग मिले, जिसके आधार पर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि चोरी के पैसों का बड़ा हिस्सा वे रसूखदार दिखने और अपनी महिला मित्रों को प्रभावित करने के लिए खर्च करते थे। खुद को रसूखदार कारोबारी बताकर ये आरोपी समाज में अपना प्रभाव जमाने की कोशिश में रहते थे। पुलिस ने इनके पास से लगभग 90 ग्राम सोने के आभूषण, 2 लाख 82 हजार रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
एडीसीपी सिटी/क्राइम हिमांशु गौरव ने इस सफलता के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दोनों आरोपी बंद मकानों को निशाना बनाने में माहिर थे। पूछताछ में चोरी के पैसों के दुरुपयोग को लेकर कई चौंकाने वाली जानकारियां मिली हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है और चोरी के बाकी माल की बरामदगी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
- बृजभूषण शरण सिंह की मुश्किलें फिर बढ़ीं: बरी होने के फैसले के खिलाफ सेशंस कोर्ट पहुंचीं चार महिला पहलवान - September 25, 2026
- आगरा में भारी बारिश के पूर्वानुमान के चलते 26 सितंबर को 12वीं तक के सभी स्कूल बंद, जिलाधिकारी ने जारी किए आदेश - September 25, 2026
- वाराणसी से वडनगर तक 2000 किमी की ‘सेवा यात्रा’ का आगरा में भव्य स्वागत, जनप्रतिनिधियों ने किया अभिनंदन - September 25, 2026