बिहार चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत पर आगरा में उत्सव, ढोल-नगाड़ों पर थिरके भाजपाई, अटल चौक पर आतिशबाजी और लड्डू वितरण

स्थानीय समाचार

आगरा। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की ऐतिहासिक जीत का जश्न आगरा में जोरदार तरीके से मनाया गया। भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय, जयपुर हाउस के अटल चौक पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण के साथ विजय उत्सव मनाया। पूरे परिसर में भाजपा की जीत की गूंज और जोश देखते ही बन रहा था।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर और गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी। कई जगह आतिशबाजी की गई और कार्यकर्ता देशभक्ति और पार्टी के गीतों पर झूमते नजर आए।

“बिहार की जनता ने विकास को चुना” — राजकुमार गुप्ता

भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि बिहार के नतीजों ने फिर साबित कर दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास का संकल्प जनता का भरोसा जीत रहा है।

उन्होंने कहा, “बिहार की जनता ने परिवारवाद को नकारकर विकास और सुशासन को वोट दिया है। जैसा जनादेश बिहार में मिला है, वैसा ही उत्तर प्रदेश 2027 में भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत देगा।”

“जातिवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति पर जनता की चोट” — विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने एनडीए की जीत को “ऐतिहासिक” बताते हुए कहा कि बिहार की जनता ने जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति को निर्णायक रूप से खारिज कर दिया है।

उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण द्वारा 1975 में बिहार से संपूर्ण क्रांति का जो संदेश दिया गया था, उसी की पुनः प्रतिध्वनि आज बिहार के मतदाताओं के जनादेश में दिखाई देती है।

विधायक जीएस धर्मेश सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और बिहार चुनाव में लगे सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

कार्यक्रम में मौजूद रहे कई वरिष्ठ नेता

विजय उत्सव में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनिया, पूर्व जिला अध्यक्ष श्याम भदौरिया, बसंत गुप्ता, अवधेश रावत, अशोक पिप्पल, हेमंत भोजवानी, शिव कुमार प्रमुख, संतोष कटारा, महेश शर्मा, सोनू चौधरी, राहुल सागर, नवीन गौतम, रोहित कत्याल, गौरव राजावत, हरिओम सिंह रावत, शैलू पंडित, मनमोहन कुशवाह, वीरेंद्र श्रीवास्तव, अनिल सारस्वत, सत्यप्रकाश लोधी, करुणानिधि गर्ग, गौरव सोलंकी, राम चौधरी, उपमा गुप्ता, प्रवीणा राजावत, संध्या माहौर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

एनडीए की इस जीत ने आगरा में उत्साह की नई लहर पैदा कर दी, और नेताओं ने इसे 2027 के यूपी चुनाव का शुभ संकेत बताया।

Dr. Bhanu Pratap Singh