आगरा। बिहार में चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण का विरोध कर रही कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को यहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के माता-पिता के आवास पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प भी हुई।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेसी विजय नगर कालोनी स्थित ज्ञानेश कुमार के माता-पिता के निवास पहुंचे। इनमें महिला कार्यकर्ता भी शामिल थीं। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे।
प्रदर्शनकारियों के आने की सूचना पर पुलिस ने पहले ही मुख्य चुनाव आयुक्त का आवास घेर लिया था। पुलिस ने आवास पर पहुंचने से पचास मीटर पहले प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान झड़प भी हुई, लेकिन कांग्रेसी आगे बढ़ गए और आवास के पास पहुंच कर नारेबाजी करने लगे। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की भी मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहा है।
इस बारे में एसीपी अक्षय महाडिक ने मीडिया को बताया कि कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमित सिंह कुछ लोगों के साथ आए थे। यहां पहले से ही पुलिस टीमें लगा दी गई थीं।
प्रदर्शनकारियों को मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास पर आने से रोका गया। ये लोग ज्ञापन देकर वापस चले गए।
माता-पिता रहते हैं विजय नगर कालोनी में
विजय नगर कालोनी स्थित आवास पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पिता डॉ. सुबोध कुमार और उनकी मां सत्यवती गुप्ता रहते हैं। उनके पिता मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद से सेवानिवृत हो चुके हैं। उनकी मां योग सिखाती हैं। जिस समय कांग्रेसी प्रदर्शन के लिए पहुंचे। उस समय वे दोनों घर पर नहीं थे। वह नोएडा गए हुए हैं। ज्ञानेश कुमार कभी-कभी माता-पिता से मिलने यहां आते रहते हैं।
- आगरा के खंदारी क्षेत्र में सड़क पर युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल - September 19, 2026
- आगरा में गणपति विसर्जन की अनूठी पहल: यमुना में सीधे विसर्जन पर रोक, प्रमुख घाटों पर बनाए गए गंगाजल से भरे कृत्रिम विसर्जन कुंड - September 18, 2026
- आगरा में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाला राधे मीना गिरफ्तार, फर्जी मुहरें और नियुक्ति पत्र बरामद - September 18, 2026