nagar nigam

आगरा ने हटाया कंगाल का कलंक, भगवान टॉकीज चौराहा का नाम अब महर्षि वाल्मीकि चौक, घर-घर कूड़ा कलेक्शन, छह पार्षद विदा, और भी बहुत कुछ

NATIONAL POLITICS PRESS RELEASE REGIONAL

Agra, Uttar Pradesh, India. आज शुक्रवार को आगरा नगर निगम के कार्यकारिणी कक्ष में 19वें अधिवेशन की बैठक हुई जिसकी अध्यक्षता महापौर नवीन जैन ने की। बैठक की शुरुआत में नगर निगम कार्यकारिणी के 16वें एवं 18वें अधिवेशन के कार्यवृत्त की पुष्टि की गयी। इसके बाद कार्यकारिणी के सभी बिंदुओं और पार्षदों द्वारा रखे गए विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गयी।

पार्षद अनीता खरे ने रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि के ऐतिहासिक जीवन का परिचय देते हुए उनकी स्मृति को धरोहर के रूप में संजोए रखने के लिए आगरा शहर के सबसे प्रमुख चौराहा भगवान टॉकीज का नाम बदलकर उनके नाम से किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। सभी ने सहमति जताते हुए इस प्रस्ताव को पास किया। इसके अलावा अनीता खरे ने वार्ड 12 में बंदरों के आतंक से अवगत कराते हुए बंदरों को पकड़वाने हेतु प्रस्ताव रखा इसे भी सर्वसम्मति से पास किया गया।


कार्यकारिणी के उपसभापति एवं पार्षद जगदीश पचौरी ने प्रस्ताव रखा कि शमसाबाद रोड पर स्थित प्राचीनतम राजेश्वर मंदिर से पहले सौ फुटा इंद्रपुरम रोड के कट पर एक भव्य द्वार बनाए जाने की क्षेत्रीय लोगों की मांग है। सभी ने सहमति जताते हुए इस प्रस्ताव को पास किया।

पार्षद नेहा गर्ग ने प्रस्ताव रखा कि कुल शिरोमणि राजश्री महाराज, अंबरीश जी महाराज की स्मृति में नवरंग भवन, रिंग रोड, विजयनगर कॉलोनी स्थित अखिल भारतीय माहौर क्षत्रिय स्वर्णकार समाज की धर्मशाला के सामने वाली चौक का नाम महाराजा अंबरीश चौक किया जाए। सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव को पास किया गया।

पार्षद धर्मवीर सिंह ने प्रस्ताव रखा कि मंटोला क्षेत्र में कंगाल पाड़ा नाम से मोहल्ला है जिसमें कोली समाज के लोग निवास करते हैं। जब वहां के लोगों से पूछा जाता है कि आप कहां रहते हैं तो उनमें कंगाल पाड़ा क्षेत्र के नाम से हीन भावना आ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए कंगाल पाड़ा का नाम बदलकर शहीद वीरांगना झलकारी बाई कोली के नाम से कर दिया जाए। पार्षद धर्मवीर ने दूसरा प्रस्ताव रखा कि शहर के प्रमुख समाजसेवी स्व. श्री भरत सिंह जी ने आगरा में भीम नगरी के अध्यक्ष व महामंत्री के पद पर रहते हुए भीमनगरी के माध्यम से शहर के प्रत्येक गली मोहल्ले में विकास कार्य कराए। सभी राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों को मंच पर सम्मान देने का काम किया। ऐसे समाजसेवी के नाम से छीपीटोला में बने डॉ आंबेडकर सामुदायिक भवन से लेकर सांची द्वार तक मार्ग का नाम स्व. श्री भारत सिंह जी के नाम से रखा जाए। तीसरा प्रस्ताव रखा कि नुनिहाई पुलिस चौकी से लिंक रोड रामबाग चौराहा तक मार्ग का नाम गरीबों व पिछड़ों के नायक स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर जी के नाम से रखा जाए।पार्षद धर्मवीर ने चौथा प्रस्ताव लगाया कि छीपीटोला में निवास करने वाले समाजसेवी स्व. श्री दया किशन जरारी के नाम से वार्ड 1 में श्री राम गेस्ट हाउस से औलिया रोड तिराहे तक मार्ग का नाम उनके नाम से रखा जाए। उक्त सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए।

पार्षद मुकुल गर्ग ने प्रस्ताव रखा कि जयपुर हाउस प्रताप नगर जो कि बहुत पुरानी कॉलोनी में से एक है एवं प्रताप नगर का नाम भी महाराजा अग्रसेन जी की राजधानी के नाम पर रखा गया था, साथ ही भूतपूर्व महापौर स्वर्गीय कल्याण दास की प्रबल इच्छा थी कि इस क्षेत्र में महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा स्थापित किए जाए। इसलिए उन्होंने प्रताप नगर चौराहा, आलोक नगर तिराहा पार्क एवं आलोक नगर चौक इन तीन स्थानों में से एक उचित स्थान देखकर प्रतिमा लगाए जाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि प्रतिमा लगाए जाने का पूरा खर्चा और उसका रखरखाव संगठन द्वारा किया जाएगा। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया गया।

प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा करने के बाद कार्यकारिणी में शहर में गंदगी और सफाई व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। जहां बैठक में मौजूद सभी पार्षदों ने शहर में व्याप्त गंदगी का मुद्दा उठाया तो वहीं सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव भी रखे। बैठक में रखी गई सफाई एवं गंदगी से संबंधित सभी समस्याओं एवं सुझावों को सुनने के बाद नगर आयुक्त निखिल टीकाराम फुंडे (आईएएस) ने बताया कि उन्होंने आगरा की सफाई व्यवस्था को लेकर एक्शन प्लान तैयार किया है, जिसके मुताबिक –


महापौर ने शहर के प्रमुख मार्गों पर होने वाली गंदगी को लेकर ध्यान आकर्षित किया है, इसे गंभीरता से लिया जाएगा।

हर सप्ताह या हर महीने कुछ वार्डों को हम चुनौती के रूप में लेंगे जिसमें उन सभी वार्डों को गंदगी मुक्त बनाने एवं एकदम चकाचक सफाई रखने का काम करेंगे। यह क्रम तब तक चलेगा जब तक कि हम सभी 100 वार्ड कवर नहीं कर लेंगे।

15 दिसंबर से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की शुरुआत करने जा रहे हैं अभी यह व्यवस्था कुछ वार्ड में रहेगी। उसके बाद यदि कंपनी का काम अच्छा रहता है तो फिर अगले 3 से 4 महीने में सभी 100 वार्डों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था लागू करने का प्रयास किया जाएगा।

स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 को ध्यान में रखते हुए हम पूरे शहर में एक सफाई अभियान चलाएंगे। सभी सेनेटरी इंस्पेक्टर, सुपरवाइजर स्वयं क्षेत्रों में जाकर सफाई व्यवस्था को देखेंगे।

-पिछले कुछ महीनों में आगरा नगर निगम में लगभग 150 सफाई कर्मचारियों के स्थान रिक्त हो गए हैं। इसलिए हमें सफाई कर्मचारियों के भर्ती की आवश्यकता होगी।

अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र कुमार यादव ने शहर की सफाई पर अपनी बात रखते हुए कहा कि सफाई कर्मचारी प्रतिदिन किन क्षेत्रों में और कितने समय तक काम करते हैं, इसकी जांच की जाएगी। खाली प्लॉटों में गंदगी की समस्या ज्यादा आई है। उन्हें ध्यान में रखते हुए शहर में एक बार सभी खाली प्लॉटों की सफाई करने के निर्देश जारी किए हैं। उसके बाद यदि वहां गंदगी मिलती है तो उनके मालिक को नोटिस देने का काम किया जाएगा। कूड़ा उठाने वाली सभी बड़ी गाड़ियों का मेंटेनेंस किया जाएगा ताकि डीजल की खपत कम हो और गाड़ियां ज्यादा समय तक दौड़ सकें।

सफाई व्यवस्था पर चर्चा होने के बाद महापौर नवीन जैन ने वर्तमान नगर निगम कार्यकारिणी के 1 साल पूरा होने पर नियम के मुताबिक कार्यकारिणी से रिटायर्ड होने वाले 6 पार्षदों के नामों की घोषणा की। महापौर ने बताया कि उपसभापति जगदीश पचौरी, पार्षद गुलाब सिंह, पार्षद अनीता खरे, पार्षद संजय राय, पार्षद धर्मवीर, पार्षद श्यामवीर सिंह यह सभी कार्यकारिणी से विदा हो रहे हैं। महापौर नवीन जैन ने विदा होने वाले सभी पार्षदों को फूल माला पहनाकर शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।

कार्यकारिणी की बैठक में अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता, जलकल जीएम आर एस यादव, मुख्य अभियंता निर्माण बी एल गुप्ता, मुख्य अभियंता विद्युत संजय कटियार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अतुल भारती, सीएफओ उदयवीर सिंह यादव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी रोहन सिंह, अधिशासी अभियंता आरके सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत सिंह, अधिशासी अभियंता आशीष शुक्ला, पार्षद कर्मवीर, पार्षद गुलाब सिंह, पार्षद धर्मवीर सिंह, पार्षद मुकुल गर्ग, पार्षद अनीता खरे, पार्षद रजिया बेगम, पार्षद नेहा गर्ग, पार्षद संजय राय, पार्षद अमित अग्रवाल ग्वाला आदि मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh