लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में संगठन को फिर से सक्रिय करने और जनाधार मजबूत करने की रणनीति तैयार की है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस अभियान में मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद को फ्रंटलाइन पर रखा जा रहा है। योजना के तहत आकाश पूरे प्रदेश के 75 जिलों में रोड-शो और जनसभाएं करेंगे और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों से संवाद भी करेंगे।
पार्टी का फोकस चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर माहौल बनाने और कार्यकर्ता नेटवर्क को मजबूत करने पर है। इसी क्रम में बसपा कई जिलों में अन्य दलों के नेताओं को पार्टी में शामिल कराने की तैयारी भी कर रही है।
फरवरी के अंत या मार्च से शुरू हो सकता है दौरा
पार्टी सूत्रों का कहना है कि आकाश आनंद का यह प्रदेशव्यापी दौरा फरवरी के आखिर या मार्च के पहले सप्ताह से शुरू हो सकता है। इसकी तैयारियां संगठन स्तर पर शुरू कर दी गई हैं। बसपा नेतृत्व चाहता है कि 2027 से पहले हर जिले में पार्टी की मौजूदगी और गतिविधियां लगातार दिखें।
युवाओं पर खास फोकस
बताया जा रहा है कि मायावती इस अभियान के जरिए युवा मतदाताओं को जोड़ने पर खास जोर दे रही हैं। पार्टी का मानना है कि पिछले कुछ वर्षों में दलित युवाओं का एक हिस्सा दूसरी राजनीतिक धाराओं की ओर गया है, जिसे वापस जोड़ने के लिए आकाश आनंद को आगे किया जा रहा है।
आकाश आनंद की राजनीतिक भूमिका
आकाश आनंद पहली बार 2017 में सहारनपुर की एक जनसभा में मायावती के साथ नजर आए थे। इसके बाद वह संगठन के कामकाज में लगातार सक्रिय रहे। 2019 में उन्हें नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाया गया।
2022 के हिमाचल विधानसभा चुनाव में उनका नाम पहली बार स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हुआ था। आकाश ने लंदन से एमबीए किया है और उनकी शादी बसपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य अशोक सिद्धार्थ की बेटी डॉ. प्रज्ञा से हुई है।
बसपा क्यों लगा रही आकाश पर दांव
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक आकाश आनंद को आगे बढ़ाकर बसपा दो स्तर पर काम करना चाहती है। पहला, पार्टी के भीतर नई पीढ़ी का नेतृत्व मजबूत करना। दूसरा, चुनावी मैदान में युवाओं के बीच पार्टी की पकड़ दोबारा बनाना।
सूत्रों का कहना है कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान आकाश की सभाओं में भीड़ जुटी थी, जिससे पार्टी को संकेत मिला कि वह एक बड़े वर्ग तक पहुंच बनाने में सक्षम हैं।
बसपा की यह रणनीति आने वाले महीनों में प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर सकती है, क्योंकि पार्टी 2027 से पहले संगठन को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है।
- ”दस दिखाया, सोलह गटकाया…”कन्नौज में सोने की तस्करी के खुलासे पर अखिलेश यादव का सनसनीखेज आरोप, पुलिस पर 16 किलो सोना गटकाने का दावा - August 23, 2026
- आगरा में गूंजेगी मुरारी बापू की अमृतवाणी: 15 सितंबर से शुरू होगी नौ दिवसीय भव्य रामकथा, श्रद्धालुओं में भारी उत्साह - August 23, 2026
- मानवता की सेवा और मानसिक शांति का संदेश: ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान द्वारा आयोजित रक्तदान महाअभियान में गूंजा विश्व बंधुत्व का नारा - August 23, 2026