लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बहुजन समाज पार्टी को बड़ा झटका लगा है। बसपा के अंबेडकरनगर से सांसद रितेश पांडेय ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। बसपा से इस्तीफा देने के बाद रितेश पांडे भाजपा में शामिल हो गए। दरअसल, रितेश पांडे के बसपा छोड़ने की अटकलें काफी दिनों से चल रहीं थीं। आखिरकार उन्होंने लोकसभा चुनाव से पहले ही बसपा से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा मुख्यालय में उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली।
रितेश पांडे ने बसपा सुप्रीमो मायावती को पत्र लिखकर इस्तीफा दिया। उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि, सार्वजनिक जीवन में बसपा के माध्यम से जब से मैंने प्रवेश किया, आपका मार्गदर्शन मिला, पार्टी पदाधिकारियों का सहयोग मिला तथा पार्टी के ज़मीनी स्तर के कार्यकर्ताओं ने मुझे हर कदम पर अंगुली पकड़कर राजनीति एवं समाज के गलियारे में चलना सिखाया। पार्टी ने मुझे उत्तर प्रदेश विधानसभा और लोकसभा में प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान किया। पार्टी ने मुझे लोकसभा में संसदीय दल के नेता रूप में कार्य का अवसर भी दिया। इस विश्वास के लिए मैं आपके, पार्टी के, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के प्रति हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करता, धन्यवाद ज्ञापन करता हूं।

इसके साथ ही लिखा कि, लंबे समय से मुझे न तो पार्टी की बैठकों में बुलाया जा रहा है और न ही नेतृत्व के स्तर पर संवाद किया जा रहा है। मैंने आपसे तथा शीर्ष पदाधिकारियों से संपर्क के लिए, भेंट के लिए अनगिनत प्रयास किये, लेकिन उनका कोई परिणाम नहीं निकला। इस अंतराल में मैं अपने क्षेत्र में एवं अन्यत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों से निरंतर मिलता-जुलता रहा तथा क्षेत्र के कार्यों में जुटा रहा। ऐसे में मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा हूं कि पार्टी को मेरी सेवा और उपस्थिति की अब आवश्यकता नहीं रही। इसलिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने के अलावा मेरे समक्ष कोई विकल्प नहीं है। पार्टी से नाता तोड़ने का यह निर्णय भावनात्मक रूप से एक कठिन निर्णय है। उन्होंने आगे लिखा कि, मैं इस पत्र के माध्यम से बहुजन समाज पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देता हूं. आपसे आग्रह है कि मेरे इस त्यागपत्र को अविलंब स्वीकार किया जाए।
-एजेंसी
- यूपी के लखीमपुर खीरी में खूनी खेल: स्कूल में घुसकर सनकी युवक ने शिक्षिका को गोलियों से भूना, फिर खुद को भी उड़ाया - September 21, 2026
- यूपी के लखीमपुर खीरी में खूनी खेल: स्कूल में घुसकर सनकी युवक ने शिक्षिका को गोलियों से भूना, फिर खुद को भी उड़ाया - September 21, 2026
- ‘मन चल वृंदावन…’ पर झूमे सांवरिया भक्त: आगरा में सजी भव्य भजन संध्या, गूंजा ‘जय श्री श्याम’ का जयघोष - September 21, 2026