डॉ. भानु प्रताप सिंह
Live Story Time
Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat. 19- फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र का प्रमुख मतदान केंद्र है दहतोरा और सेट थॉमस स्कूल शास्त्रीपुरम, आगरा। यह आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आता है। दहतोरा में प्राथमिक स्कूल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जमकर मतदान हो रहा है। भाजपाइयों ने मतदान केंद्र को चारों ओर से घेर रखा है। लोग कह रहे हैं कि राष्ट्रवाद के लिए वोटिंग कर रहे हैं।

हमने सेंट थॉमस स्कूल शास्त्रीपुरम और दहतोरा मतदान केंद्र का प्रातः सात बजे से अवलोकन किया। मैं पत्नी के साथ 6.55 बजे ही वोट देने पहुंच गया था। प्रातः 7 बजे मतदान कक्ष में प्रवेश दिया गया जो कि निर्धारित समय है। सबसे पहले सेटं थॉमस स्कूल पर मतदान किया।

द्वार पर तैनात पुलिस वाले वीडियो अंदर ले जाने से रोक रहे थे। जब मैंने कहा कि पत्रकार हूँ तो अनुमति मिल गई। अंदर का दृश्य बड़ा ही सुहावना लगा। मतदाताओं को बैठने की उत्तम व्यवस्था की गई है। बीएलओ को बैठने के लिए अलग से कोई स्थान नियत नहीं किया गया है। मतदान के बाद बाहर ही फोटो खिंचवाने का भी इंतजाम किया गया है।

यहां वोट देकर निकलने अनेक मतदाताओं से बातचीत की। सबने कहा कि राष्ट्र के विकास के लिए वोट दिया है। यह पूछे जाने पर इसका क्या मतलब है जवाब मिला कि इसका मतलब मोदी है, कमल का फूल है। सिर्फ एक व्यक्ति ने कहा कि बदलाव के लिए वोट दिया है।

सेंट थॉमस मतदान केंद्र पर एक बात और देखने को मिली कि यहां सिर्फ भारतीय जनता पार्टी का बस्ता लगा है। बसपा, सपा और निर्दलीय प्रत्याशी रामेश्वर सिंह का बस्ता दूर-दूर तक नहीं दिखाई दिया।

दहतोरा मतदान केंद्र पर तो मानो मेला लगा हुआ है। सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हैं। लोगों ने शिकायत की कि मतदान कर्मचारी बहुत धीमी गति से काम कर रहे हैं। एक घंटे बाद भी नम्बर नहीं आया है।

दहतोरा मतदान केंद्र की ओर आने के लिए कई रास्ते हैं। इन सब रास्तों पर भारतीय जनता पार्टी के बस्ते लगे हुए हैं। चार बस्ते तो मैंने देखे। एक बस्ता डॉ. रामेश्वर सिंह और एक बस्ता बसपा प्रत्याशी का दिखा। समाजवादी पार्टी का यहां कोई बस्ता नहीं लगा है। रामेश्वर सिंह के बस्ते पर वे लोग विराजमान थे जिन्हें भाजपा ने पार्षद का टिकट नहीं दिया और जो रिश्तेदार हैं। भीड़ तो भाजपा के बस्ते पर ही दिखाई दी।

डॉ. सुनील राजपूत ने अपने बाड़े में बस्ता लगवाया है। शेर सिंह राजपूत खासे सक्रिय दिखाई दिए।

यहां भी हमने मतदान केंद्र में जाकर मतदाताओं से बातचीत की। सबने कहा कि विकास के लिए वोट दिया है। घोघई के एक व्यक्ति ने कमल का फूल कहा। घूंघट में मतदान करने आई महिलाओं ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। एक महिला ने कहा कि वोट तो गोपनीय है लेकिन राष्ट्र के विकास के लिए दिया है।

हमने सबके वीडियो भी बनाए हैं ताकि जो लिख रहे हैं वह प्रमाणित हो सके।



- आगरा के ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु का ताल में दर्शन ड्योढ़ी का भव्य उद्घाटन: रिमझिम वर्षा के बीच संगत को समर्पित हुआ नया प्रवेश द्वार, अब दोगुनी होगी लंगर हॉल की क्षमता - September 6, 2026
- श्याम बाबा की भक्ति और ब्रज संस्कृति के रंग में रंगा नंदोत्सव: राजा जनक-सुनैना के स्वरूपों का हुआ अभिनंदन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन - September 6, 2026
- Agra News: फतेहाबाद में लूट गैंग से पुलिस की मुठभेड़; हुसैनापुर रोड पर फायरिंग के बाद एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दो आरोपी गिरफ्तार - September 6, 2026