ओपी राजभर को बड़ा झटका, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सहित 30 लोगों ने सुभासपा छोड़ी – Up18 News

ओपी राजभर को बड़ा झटका, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सहित 30 लोगों ने सुभासपा छोड़ी

POLITICS

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को बड़ा झटका लगा है। सुभासपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र राजभर सहित 30 लोगों ने सोमवार (5 अगस्त, 2022) को पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि इन नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा देने के बाद ओपी राजभर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मऊ में पत्रकारों से बात करते हुए महेंद्र राजभर ने कहा कि सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर हमेशा पैसा पाने की कोशिश में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा, ‘पार्टी की स्थापना 20 साल पहले 27 अक्टूबर 2002 को सभी की मौजूदगी में हुई थी। उस समय पार्टी का मिशन गरीबों, दलितों, मजदूरों और वंचित समाज का उत्थान था।

महेंद्र राजभर ने पार्टी छोड़ने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि ओमप्रकाश राजभर पार्टी के मिशन से भटक गए हैं। वह किसी भी तरह से सिर्फ पैसा कमाने में लगे हुए हैं। पार्टी की स्थापना समाज के उत्थान के लिए की गई थी, लेकिन अब यह अपने लक्ष्य से भटक गई है।

आरोप: ओपी राजभर मुख्तार अंसारी की बात सुनते हैं

उन्होंने कहा कि ओम प्रकाश राजभर केवल मुख्तार अंसारी की बात सुनते हैं। ओपी राजभर मुख्तार अंसारी को अपना बड़ा भाई मानते हैं। हम लोगों से वो कोई राय नहीं लेते हैं। जो मुख्तार अंसारी कहते हैं, ओम प्रकाश राजभर वही करते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि ओपी राजभर ने केवल पैसे जुटाने के पार्टी का इस्तेमाल किया। उनकी राजनीति से आहत होकर प्रदेश महासचिव अर्जुन चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अवधेश राजभर समेत 30 नेताओं ने सुभाषपा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

ओपी राजभर बिहार में कर रहे हैं सावधान यात्रा

वहीं ओपी राजभर अभी सावधान यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने ये यात्रा वाराणसी से शुरू की थी। उनकी यात्रा का समापन बिहार की राजधानी पटना में होगा। सुभासपा की इस यात्रा का एलान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पदयात्रा के बाद हुआ था। जिसमें उन्होंने अखिलेश यादव के खिलाफ लोगों को सावधान करने की बात कही थी।

बता दें, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी उत्तर प्रदेश के कई जिलों और खास कर पूर्वांचल में पदयात्रा कर रहे हैं। उनकी इस यात्रा की शुरूआत नौ अगस्त हुई थी। जिसका समापन अक्टूबर में पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में किया जाएगा।