आगरा। यमुना ब्रिज क्षेत्र से करीब तीन महीने पहले अपहृत हुई दलित युवती के मामले में अब न्याय की उम्मीद तेज हो गई है। सोमवार को प्रसिद्ध सोशल एक्टिविस्ट भावना वरदान शर्मा ने थाना एत्माद्दौला पहुंचकर पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाया और जांच की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की।
पुलिस ने साझा की जांच रिपोर्ट
थाना इंचार्ज से लंबी बातचीत के बाद भावना वरदान शर्मा ने मीडिया को बताया कि इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 379/2025 (धारा 87 बीएनएस) के तहत मामला पहले ही दर्ज है। उन्होंने कहा, “डीसीपी सिटी ने इस प्रकरण को गंभीरता से लिया है। पुलिस ने अपराधी के मोबाइल नंबर को ट्रैक कर लिया है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।”
रूह कंपा देने वाली है पीड़िता की दास्तां
गौरतलब है कि बीते 7 दिसंबर 2025 को युवती घर के पास से सामान लेने निकली थी, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब युवती ने छिपकर अपने माता-पिता को फोन किया। पीड़िता ने रोते हुए बताया था कि उसे बंधक बनाकर रखा गया है और उसके साथ लगातार हिंसात्मक व्यवहार किया जा रहा है। उसने अपनी जान बचाने और घर वापस लाने की भावुक अपील की थी।
जल्द होगी बरामदगी
भावना शर्मा ने विश्वास जताया कि पुलिस की सक्रियता अब सकारात्मक दिशा में है। पुलिस को आरोपी और युवती की सटीक लोकेशन मिल चुकी है। पुलिस की एक विशेष टीम युवती को मुक्त कराने के लिए ऑपरेशन में जुट गई है। भावना शर्मा ने स्पष्ट किया कि जब तक बेटी सुरक्षित वापस नहीं आ जाती, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
- धार्मिक विरासत का संगम: आगरा के बेलनगंज स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में रथयात्रा महोत्सव का आगाज, भक्तों से जुड़ने की अपील - July 11, 2026
- Agra News: मनीष अग्रवाल फिर से निर्विरोध चुने गए श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष, पांच साल के लिए मिला नया कार्यकाल - July 11, 2026
- आगरा में गूंजी स्कूली दिनों की यादें: सेंट जॉन्स इंटर कॉलेज के पूर्व विद्यार्थियों ने मनाया एलुमनाई मीट, केक काटकर किया सेलिब्रेशन - July 11, 2026