‘बेस्ट फादर अवार्ड-2026’: पिता के त्याग और समर्पण को नमन, आगरा में आठ प्रेरणादायी हस्तियों का हुआ सम्मान

PRESS RELEASE

​आगरा: ‘वर्ल्ड फादर्स डे’ के अवसर पर सामाजिक संस्था ‘एक पहल’ एवं ‘अफलातून आगरा फाउंडेशन’ द्वारा होटल लेमन ट्री में ‘बेस्ट फादर अवार्ड-2026’ (सीजन-5) का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में उन पिताओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने जीवन भर के कठोर संघर्षों और संस्कारों के माध्यम से अपने बच्चों को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुँचाया है।

​मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह ने कहा, “एक पिता अपने बच्चों के सपनों को ही अपना जीवन मान लेता है। उनका योगदान अमूल्य है और हर बच्चे का कर्तव्य है कि वह अपने माता-पिता के संघर्षों का सम्मान करे।” कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने पिता को परिवार का वह मजबूत आधार बताया, जो हर दिन वंदनीय है।

​अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ समाजसेवी सुरेशचंद गर्ग ने भावुक होते हुए पिता की तुलना एक ‘सुरक्षित छत’ से की। वहीं, समाजसेवी नजीर अहमद ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में पारिवारिक संस्कारों को पुनर्जीवित करने का कार्य करते हैं।

​इन्हें मिला सम्मान:

समारोह में खेल, प्रशासन, राजनीति और कला जगत में अपने बच्चों को सफलता दिलाने वाले आठ विशिष्ट पिताओं को ‘बेस्ट फादर अवार्ड’ से नवाजा गया:

​श्रीभगवान शर्मा: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर दीप्ति शर्मा के पिता।

स्वर्गीय जगन प्रसाद गर्ग: पूर्व विधायक (मरणोपरांत)।

राम प्रकाश गर्ग: चेयरमैन राकेश गर्ग के पिता।

​राकेश कुमार सिंह: आईएएस एवं चिकित्सक के पिता।

दिग्विजय पचौरी: स्वर्ण पदक विजेता के प्रेरणास्रोत।

​रोहन आहूजा: बाल कलाकार के पिता।

​स्वर्गीय अर्जुन देव अरोड़ा: (मरणोपरांत)।

​स्वर्गीय अशोक अग्रवाल: समाजसेवी (मरणोपरांत)।

​कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के मार्गदर्शक आदर्श नंदन गुप्ता, संयोजक राजकुमार उप्पल और अंकित खंडेलवाल की प्रमुख भूमिका रही। वरिष्ठ रंगकर्मी दीपक जैन ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया। इस अवसर पर डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा, पार्षद मुरारी लाल गोयल, डॉ. अरुण शर्मा सहित शहर के अनेक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh