गोरखपुर/लखनऊ: गोरखपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ‘पीडीए रथ यात्रा’ और रोड शो के दौरान एक 13 वर्षीय किशोर की दर्दनाक सड़क हादसे में हुई मौत के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में तीखा जुबानी जंग छिड़ गया है। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधते हुए उन्हें कानून-व्यवस्था की बदहाली का जिम्मेदार ठहराया है, वहीं अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर मुख्यमंत्री के आरोपों को बेबुनियाद व निंदनीय बताया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित झारखंडी इलाके में बुधवार को एक जेसीबी मशीन की चपेट में आने से 13 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह की असमय मौत हो गई। मृतक आर्यवर्धन, चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र के राजधानी गांव निवासी भाजपा नेता ओंकार सिंह का बेटा था। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाया है कि अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल होकर लौट रही जेसीबी मशीन ने उनके बेटे को कुचल दिया। हादसे के तत्काल बाद गंभीर रूप से घायल छात्र को एम्स (AIIMS) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीएम योगी का सपा पर जोरदार हमला
हादसे पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के रोड शो की कड़ी आलोचना की। उन्होंने सपा को “अराजकता, गुंडागर्दी और दंगों का पर्याय” बताते हुए पीड़ित परिवार को सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा “उस मासूम 13 साल के बच्चे की क्या गलती थी? समाजवादी पार्टी ने अपनी बेलगाम रैली और रोड शो के चक्कर में एक बेकसूर बच्चे की बलि ले ली। कानून हाथ में लेने वाले और मासूम की जान से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”
अखिलेश यादव ने जारी किया वीडियो, आरोपों को बताया ‘निम्नस्तरीय राजनीति’
दूसरी ओर, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो पोस्ट कर मुख्यमंत्री के दावों को सिरे से खारिज कर दिया। अखिलेश यादव ने दावा किया कि जिस जेसीबी से हादसा होने का आरोप लगाया जा रहा है, उसका उनकी पार्टी की रैली या रोड शो से कोई संबंध नहीं था।
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा ”यह वीडियो इस बात का गवाह है कि गोरखपुर में एक युवक की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु के विषय में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जिस प्रकार बिना किसी सबूत के दूसरों पर दोष मढ़ रहे हैं, वह बेहद निंदनीय और निम्नस्तरीय राजनीति का उदाहरण है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि वहां न कोई रोड शो था और न ही कोई रैली। इस दुखद हादसे पर सियासत का खेल खेलना शोक संतप्त परिवार के साथ अन्याय है। इस मामले की सर्वोच्च स्तरीय जांच कराकर सत्य उजागर किया जाना चाहिए।”
अखिलेश ने दिलाया ‘लखनऊ अग्निकांड’ का हवाला
एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में सपा अध्यक्ष ने हादसे पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं और अपनी पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं को पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि शोक का नाटक करने वाले लोग याद रखें कि लखनऊ अग्निकांड के दौरान एक पीड़ित मां के साथ कैसा व्यवहार किया गया था। जनता सत्तापक्ष के इस स्वांग को भली-भांति समझ चुकी है।
गोरखपुर में मासूम आर्यवर्धन की मौत और उसके बाद शुरू हुई इस राजनीतिक बयानबाजी ने आगामी प्रशासनिक जांच और प्रदेश के सियासी तापमान को और बढ़ा दिया है।
- लखनऊ में कांग्रेस का ‘युवा अधिकार सम्मेलन’: शिक्षा, रोजगार और भागीदारी की मांग को लेकर युवाओं ने भरी हुंकार - November 19, 2026
- गोरखपुर में 13 वर्षीय मासूम की मौत पर छिड़ा सियासी घमासान: सीएम योगी ने सपा को घेरा, अखिलेश यादव ने आरोपों को बताया निंदनीय - November 19, 2026
- पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए सांसद नवीन जैन ने अर्पित किए 24 अर्घ्य: कमला नगर के जैन मंदिर में विश्व शांति महायज्ञ का तीसरा दिन - November 19, 2026