कल्याण सिंह, राजनाथ सिंह, लालजी टंडन, साक्षी महाराज, उमा भारती, रघुवर दयाल वर्मा के बाद बेबीरानी मौर्य ने भी दिया आश्वासन

POLITICS REGIONAL

Agra, Uttar Pradesh, India. उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मोर्य का ग्राम दहतोरा में भव्य स्वागत किया गया। ग्रामवासियों ने आग्रह किया कि गांव के आवासों को ए.डी.ए. से मुक्त कराया जाये। मंत्री बेबीरानी मोर्य ने आश्वासन दिया कि दहतोरा का कोई भी आवास नहीं तोड़ा जायेगा, सबको न्याय मिलेगा। आपको बता दें कि इस तरह का आश्वासन पिछले 30 साल से ग्रामीणों को मिल रहा है। कल्याण सिंह, राजनाथ सिंह, लालजी टंडन, साक्षी महाराज, उमा भारती, रघुवर दयाल वर्मा के बाद बेबीरानी मौर्य ने भी आश्वासन दिया है।

किसान मजदूर संघर्ष समिति के संयोजक मानसिंह राजपूत (एडवोकेट) ने कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य को अवगत कराया कि आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा ग्राम दहतोरा के निवासियों के पक्के बने मकानों को जबरन तोड़ने का प्रयास समय-समय पर किया जाता रहा है। आज तक आगरा विकास प्राधिकरण का अमानवीय प्रयास जारी है। ए.डी.ए. किसी भी समय बिना सूचना के पुलिस के साथ मकानों को तोड़ने की कार्यवाही कर सकता है। दहतोरा के सभी ग्रामवासी हमेशा से भाजपा उम्मीदवार को भारी समर्थन से जिताते आ रहे हैं। भाजपा शासन काल में ग्राम दहतोरा के लोधी राजपूत समाज के साथ ए.डी.ए. लगातार अन्याय कर रहा है।

बेबीरानी मौर्य को बताया गया कि ग्रामवासियों ने पहले भी कई बार सपा शासनकाल में आंदोलन किया। हमारे आंदोलन में पूर्व मुख्यमंत्री  कल्याणसिंह, रक्षा मंत्री  राजनाथ सिंह , लालजी टंडन , साक्षी महाराज जी,  उमा भारती जी पूर्व मुख्यमंत्री म.प्र. सरकार,  रघुवर दलाल वर्मा  पूर्व वन मंत्री ने समय-समय पर हमारे आंदोलन में सहयोग किया। इनकी वजह से आज तक हमारे आवासों की आगरा विकास प्राधिकरण से सुरक्षा होती रही, लेकिन भाजपा के 2022 के शासन काल में ग्रामवासियों को घर से बेघर किया जा रहा है। मानसिंह राजपूत (एडवोकेट) ने कहा कि भाजपा शासन काल में एक तरफ गरीब मजदूरों को मुफ्त आवास मुहैया कराए जा रहे हैं लेकिन ए.डी.ए. ग्राम दहतोरा के लगभग 500 आवासों को तोड़कर घर से बेघर करने पर आतुर है।

इस मौके पर बेबीरानी मौर्य ने ग्रामवासियों को सम्बोधित करते हुये कहा कि आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा दहतोरा के ग्रामवासियों पर की जा रही कार्यवाही को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने ग्रामवासियों को आश्वासन दिया कि इस मामले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  के संज्ञान में लाकर दहतोरा के ग्रामवासियों की जमीन को मुक्त कराया जायेगा।  हर बार भाजपा नेताओं ने ग्रामीणों का साथ दिया है और आगे भी ग्रामीणों का सहयोग किया जायेगा। ग्रामीणों की जमीन को आगरा विकास प्राधिकरण के चंगुल से मुक्त कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि जब तक मैं रहूंगी तब तक दहतोरा के लोगों का हर स्तर से सहयोग करती रहूंगी।

इस मौके पर अरब सिंह राजपूत, अजमेर सिंह, हरिकिशन लोधी, शेर सिंह, गिरीश शर्मा राजेश लोधी, सुनील राजपूत, मोहनदास, ओमप्रकाश, डॉ. उदल सिंह, भीमसेन, संजीव, हरीराम, दिवान सिंह, राजकुमार, रविन्द्र, सीताराम, प्रेम, यशपाल, शम्भूदयाल, हरिओम, शेरू, मोहन, राजवती देवी, सरिता देवी, रानी राजपूत, विजय कुमारी, लक्ष्मीदेवी, नर्मदा देवी, अशरफी देवी, सविता देवी, सावित्री देवी, सहित सैंकडों ग्रामवासी  उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh