आज़म खान के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां उर्फ शानू ने थामा भाजपा का झंडा – Up18 News

आज़म खान के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां उर्फ शानू ने थामा भाजपा का झंडा

POLITICS

 

कानूनी शिकंजे में फंसे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां को सोमवार को जोर का झटका धीरे से लगा है।आजम के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां उर्फ शानू भाजपा में शामिल हो गए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने रामपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी आकाश सक्सेना के कार्यालय पर फसाहत अली खां शानू को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इनके साथ ही आजम खां के करीबी इरशाद महमूद, नवीन शर्मा और वैभव यादव भी भाजपा में शामिल हो गए। नवीन शर्मा लोहिया वाहिनी के नगर अध्यक्ष रहे जबकि वैभव यादव सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का हुआ स्वागत

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी सोमवार की सुबह रामपुर पहुंचे। भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना के चुनाव कार्यालय तक पहुंचने से पहले उनका जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। आकाश के चुनाव कार्यालय पर भी उनका फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया।

आजम खां के करीबी हैं फसाहत अली खां उर्फ शानू

शानू की गिनती आजम खां के बेहद करीबी लोगों में होती रही है। आजम खां के साथ ही उनके खिलाफ दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे भी हैं। दो बार प्रशासन उन्हें गुंडा एक्ट लगाकर जिला बदर भी कर चुका है।

अखिलेश के खिलाफ दिया था चर्चित बयान

शानू खां ने विधानसभा चुनाव के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव के खिलाफ बयान जारी कर दिया था। कहा था कि अब्दुल ही दरी बिछाएगा। अब्दुल ही वोट देगा। अब्दुल ही जेल जाएगा। अब्दुल का ही घर टूटेगा, लेकिन मुख्यमंत्री बनेंगे अखिलेश जी, नेता प्रतिपक्ष बनेंगे अखिलेश जी। अब अखिलेश जी को उनके कपड़ों से भी बदबू आती है।