नई दिल्ली/अयोध्या। श्री राम मंदिर में दान और चढ़ावे की चोरी के मामले को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने अब आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। VHP के अध्यक्ष आलोक कुमार ने मामले के जांच अधिकारी (IO) को एक आधिकारिक पत्र लिखकर उन विपक्षी नेताओं से पूछताछ की मांग की है, जिन्होंने इस मामले में हजारों करोड़ के घोटाले का दावा किया है।
किन नेताओं का नाम है सूची में?
VHP अध्यक्ष ने अपने पत्र में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के बयानों का विशेष रूप से उल्लेख किया है। पत्र में कहा गया है कि इन नेताओं ने घोटाले की राशि को लेकर अलग-अलग दावे किए हैं।
रामगोपाल यादव ने दावा किया कि मंदिर में 20,000 करोड़ का घोटाला हुआ है। केजरीवाल और संजय सिंह ने मामले में 200 करोड़ की चोरी का आरोप लगाया। प्रियंका गांधी ने मंदिर प्रबंधन में बड़े लोगों की मिलीभगत होने का दावा किया।
VHP की रणनीति: ‘सबूत दें या कार्रवाई के लिए तैयार रहें’
पत्र के माध्यम से VHP ने जांच अधिकारी से मांग की है कि इन सभी नेताओं को समन भेजकर उनके बयान दर्ज किए जाएं और उनसे उनके दावों के पीछे के दस्तावेजी सबूत मांगे जाएं। आलोक कुमार का कहना है कि यदि इन नेताओं के पास 20,000 करोड़ जैसी बड़ी राशि के घोटाले के साक्ष्य हैं, तो उन्हें पुलिस की जांच में सहायता करनी चाहिए। साथ ही, यदि वे अपने दावों को साबित नहीं कर पाते हैं, तो उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
क्या बोले आलोक कुमार?
पत्र लिखने के बाद एक समाचार एजेंसी से बातचीत में आलोक कुमार ने कहा, “प्रियंका गांधी, अरविंद केजरीवाल और रामगोपाल यादव लंबे समय से उच्च पदों पर रहे हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी बनती है। मैंने जांच अधिकारी को सुझाव दिया है कि अगर किसी को पता है कि यह 20,000 करोड़ का आंकड़ा कहां से आया, तो वे सुबूत दें, इससे पुलिस को जांच में मदद मिलेगी।”
इस मांग के बाद अयोध्या मामले में चल रही जांच अब एक नया मोड़ ले चुकी है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या पुलिस इन बड़े नेताओं को नोटिस भेजती है या जांच की दिशा किस ओर मुड़ती है।
- आगरा के पिनाहट में सिरफिरे आशिक का खौफ, शादी का दबाव बनाने के लिए प्रेमिका के 13 वर्षीय भाई को उठाया, चाकू की नोक पर वारदात - July 5, 2026
- यूपी चुनाव 2027 से पहले वैश्य समाज का शक्ति प्रदर्शन: लखनऊ में होगा ‘महाकुंभ’, राजनीतिक दलों से मांगेंगे हिस्सेदारी - July 5, 2026
- आगरा में नई ट्रैफिक गाइडलाइन: सोमवार से एमजी रोड पर लागू होगा नया प्लान, दिल्ली गेट से हरीपर्वत तक चारपहिया वाहनों की नो-एंट्री - July 5, 2026