महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने घोषणा की है कि वो अग्निपथ योजना के तहत चार साल पूरे कर चुके अग्निवीरों को नौकरियों का मौक़ा देंगे. उन्होंने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है.
उन्होंने ट्वीट किया, ”अग्निपथ प्रोग्राम को लेकर हुई हिंसा से दुखी हूँ. जब इस योजना पर पिछले साल विचार हुआ था तो मैंने कहा था और आज दोहराता हूँ कि अग्निवीरों को मिला अनुशासन और कौशल उन्हें उत्कृष्टता के साथ रोज़गार योग्य बना देगा. महिंद्रा ग्रुप ऐसे प्रशिक्षित, सक्षम युवाओं को भर्ती करने के मौक़े का स्वागत करता है.”
उन्होंने कहा, ”कॉरपोरेट सेक्टर में अग्निवीरों के रोज़गार के लिए अपार संभावनाएं हैं. नेतृत्व, टीम वर्क और शारीरिक प्रशिक्षण के साथ अग्नवीर उद्योगों को बाज़ार के लिए तैयार पेशेवर समाधान प्रदान करते हैं, जिसमें संचालन से लेकर प्रशासन और आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन तक का पूरा स्पेक्ट्रम शामिल है.”
सेना में भर्ती की नई योजना अग्निपथ को लेकर देश में कई जगह हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए हैं. इस योजना के तहत अग्निवीर सेना में चार सालों के लिए भर्ती होंगे. योजना के तहत भर्ती किए गए 25 प्रतिशत युवाओं को भारतीय सेना में चार साल के बाद आगे बढ़ने का मौका मिलेगा जबकि बाकी अग्निवीरों को नौकरी छोड़नी होगी.
हालांकि, असम राइफ़ल्स और अर्धसैनिक बलों में अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण किया गया है. वहीं, सरकार का कहना है कि उन्हें रोजगार के दूसरे मौकों के लिए भी मदद की जाएगी.
-एजेंसियां
- लंदन में 9 दिसंबर को नीलाम होगा ताजमहल से जुड़ा संगमरमर पैनल? आगरा हेरिटेज ग्रुप ने पीएम मोदी से मांगा हस्तक्षेप - November 29, 2026
- सुरों की साधना से मानवता की सेवा तक: विवेक प्रकाश और रोली प्रकाश ने शुरू किया ‘अरोविया दिव्य फाउंडेशन’ - November 29, 2026
- जिमी शेरगिल और प्रनूतन बहल की फिल्म ‘प्यादे’ का ट्रेलर लॉन्च, दिखी किरदारों के मिजाज की झलक - November 29, 2026