‘मेरा आगरा’ एप लोगों को एहसास कराएगा आगरा सिटी के स्मार्ट होने का
आगरा को स्मार्ट सिटी बनाने में एक और अध्याय जुड़ गया है। आगरा स्मार्ट सिटी योजना के तहत आगरा सिटी एप ‘मेरा आगरा’ आज लॉन्च किया गया। आगरा मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी और महापौर हेमलता दिवाकर ने संयुक्त रूप से एप की लांचिंग की। इस दौरान जिला अधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल और एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गौड़ के साथ एचडीएफसी बैंक के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
एक ही ऐप से मिलेगी तमाम सुविधाएं
आगरा नगर निगम ने अपनी विभागीय योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य को लेकर एचडीएफसी बैंक के साथ मिलकर एक ऐसा ऐप लॉन्च किया है जो आगरा शहर वासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी लाभ पहुंचाएगा। शहरवासी इस ऐप को डाउनलोड करके नगर निगम, एडीए की तमाम सेवाओं का फायदा ले सकते है, साथ ही टैक्स भी जमा कर सकते है।
इस अवसर पर मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने अपने संबोधन में प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आगरा एक प्रमुख टूरिस्ट सिटी है। आगरा सिटी एप ‘मेरा आगरा ‘ स्थानीय जनता के साथ विदेशी पर्यटकों के लिए सभी पर्यटक स्थालों की जानकारी के साथ टिकट बुकिंग, शहर के प्रमुख स्थल, बाजारों और हैंडीक्राफ्ट की लोकेशन जानने हेतु सिंगल विंडो सुविधा है। जो स्मार्ट सिटी, एडीए, नगर निगम की सभी सेवाओं को प्रदान करेगा। मंडलायुक्त ने बताया कि भविष्य में आगरा, मथुरा, वृंदावन एकीकृत बस सेवा को भी इससे जोड़ा जाएगा। इस एप्लिकेशन का प्रयोग करने वाले लोगों से मिलने वाले अनुभव व फीडबैक के आधार पर इस एप में समय- समय पर सुधार कर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह एप आगरा के लिए आने वाले समय में बहु उपयोगी होगा। यह एप अंग्रेजी व हिंदी दोनों भाषा में तैयार किया गया है। इस एप को एंड्रॉयड तथा आईफोन में भी प्रयोग किया जा सकता है। अंत में उन्होंने स्मार्ट सिटी, एचडीएफसी बैंक, टूरिज्म डिपार्टमेंट आदि को शुभकामनाएं दीं।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के द्वारा डिजिटल इंडिया के सपने को यह एप पूरा करता है। इससे केंद्र व प्रदेश सरकार की पारदर्शिता एवं कार्यप्रणाली का पता चलता है। आगरा को विकास के रास्ते में आगे लेकर जाने के लिए जनता की सुविधा के लिए इस एप का निर्माण किया गया है। आगरा ऐतिहासिक टूरिस्ट सिटी है। इस एप से सभी बुकिंग, ऑनलाइन टैक्स की सुविधा, एडीए नगर निगम, स्मार्ट सिटी के कार्यों को देखा जा सकता है। आगरा आने वाले टूरिस्ट को इससे बहुत फायदा मिलेगा।
ये मिलेगी सुविधाएं
1 – नगर निगम से संबंधित हाउस टैक्स, नामांतरण, ट्रेड लाइसेंस, जलकल टैक्स जमा करने की सुविधा।
2 – एडीए की ऑनलाइन जनहित पोर्टल, ई-ऑप्शन,प्रॉपर्टी चालान, ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल की सुविधा।
3 – ऑनलाइन बस बुक करने, एफआईआर दर्ज करने की सुविधा, ऑनलाइन पेंशन, ऑनलाइन स्कॉलरशिप की सुविधा
4 – आगरा स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट का वर्चुअल टूर।
5 – ई-टेंडरिंग, ट्रैफिक चालान बिजली बिल जमा करने की सुविधा।
इस एप के माध्यम से आगरा शहर आने वाले पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा। पर्यटक इस एप के माध्यम से आगरा के स्मार्ट सिटी होने का एहसास तो करेंगे वहीं उन्हें निम्न सेवाएं भी उपलब्ध होगी।
1- आगरा व आसपास के दार्शनिक स्थलों की जानकारी
2 – ताजमहल लालकिला फतेहपुर सीकरी रामबाग मेहताब बाग एत्माद्दौला की ऑनलाइन टिकट व्यवस्था
3 – ऐतिहासिक स्थलों के लिए टूरिस्ट गाइड की जानकारी
4 – आगरा के मशहूर खानपान की जानकारी,शहर के प्रमुख बाजारों की जानकारी
5 – हेरिटेज वॉक ताज नेचर वॉक ताज व्यू पॉइंट आदि भ्रमण हेतु माई शो के माध्यम से टिकट बुक कराने की सुविधा
- ‘सेवा तीर्थ’ और ‘कर्तव्य भवन’ का उद्घाटन: पीएम मोदी बोले— “ये परिसर महाराजाओं की नहीं, 140 करोड़ भारतीयों की सोच का आधार हैं” - February 13, 2026
- ‘सेवा तीर्थ’ नामकरण पर संजय सिंह का तीखा प्रहार— अगली बार लोग नारियल और अगरबत्ती लेकर आएंगे… - February 13, 2026
- विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने सदन में उठाई आगरा की मांग— ‘यमुना पर बैराज और शहर में चाहिए इंटरनेशनल स्टेडियम’ - February 13, 2026