आगरा। सदर थाना क्षेत्र की सैनिक विहार कॉलोनी में 30 वर्षीय किरण की आत्महत्या ने हर किसी को झकझोर दिया है। पेंट कारोबारी जीतांशु की पत्नी किरण ने फांसी लगाकर जान दे दी। किरण ने एक भावुक सुसाइड नोट में अपने बेटे ‘किट्टू’ के लिए अपील करते हुए लिखा, उसे मेरे मां-बाप को सौंप देना, नहीं तो ये उसे भी गुलाम बना देंगे।
किरण के फांसी के फंदे पर झूलने पर उसे ससुराल वाले अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने किरण को मृत घोषित कर दिया। मगर यहीं से कहानी और दर्दनाक मोड़ लेती है। जब ससुराल वाले किरण का शव घर ले जा रहे थे, तब तक पड़ोसियों से सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गये। रास्ते में मायके पक्ष के लोगों ने देवरी रोड पर एंबुलेंस को रोक लिया। यहां दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया और घटनास्थल पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य संकलित कराए।
किरण ने अपने आखिरी पत्र में सास-ससुर, दादी सास और पति के खिलाफ उत्पीड़न के आरोप लगाए। लिखा, सास-ससुर अत्याचार करते हैं। दादी सास और दहेज लाने के लिए कहती थीं। किरण ने लिखा, ददिया ससुर भर पेट खाना नहीं खा पाते, अब भरपेट खिला देना। पति जीतांशु के लिए लिखा, अब अपने बाबा, अम्मा और चाचा के साथ खुश रहो, क्योंकि मेरी वजह से झगड़े होते थे।
कौलक्खा निवासी पिता सुजान सिंह ने कहा कि 18 फरवरी 2024 को बेटी की शादी की थी, दहेज में काफी खर्च किया, अब स्विफ्ट कार की मांग की जा रही थी। बेटी से मारपीट होती थी, उसे भूखा रखा जाता था।
ढाई साल का किट्टू अभी कुछ समझ नहीं सकता। लेकिन जब वह बड़ा होगा, शायद उसे भी यह सवाल परेशान करेगा मां चली क्यों गई? सुसाइड नोट में मां की गुहार शायद अब न्याय की एक उम्मीद बने।
- ’स्कूल चोरी’ का अनोखा मामला: यूपी में 5 गायब स्कूलों का पता बताने पर मिलेंगे 1 लाख रुपये, आप सांसद संजय सिंह ने दी खुली चुनौती - August 24, 2026
- मायावती ने राहुल गांधी के धरने पर भी साधा निशाना: कहा- संसद थाने के बाहर बैठे कांग्रेस नेता जंतर-मंतर पर दलितों का विरोध देखने क्यों नहीं गए? - August 23, 2026
- श्रावण मास के चौथे सोमवार को लेकर सजी पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर की भव्य अलौकिक छटा, परंपरागत मेले का हर्षोल्लास के साथ हुआ शुभारंभ - August 23, 2026