आगरा। थाना किरावली क्षेत्र के अंतर्गत मिढ़ाकुर चौकी के ग्राम महुअर में सोमवार को अंग्रेजी शराब के ठेके के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। गुस्साई महिलाओं और ग्रामीणों ने ठेके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और बाहर लगा बोर्ड तोड़ दिया। स्थिति बिगड़ती देख ठेका सेल्समैन ने भीतर से ताला लगाकर खुद को सुरक्षित किया। सूचना मिलने पर मिढ़ाकुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदर्शन कर रही महिलाएं लंबे समय से शराब पीकर घर लौटने वाले पुरुषों के कारण होने वाले पारिवारिक झगड़ों, मारपीट और घरेलू अशांति से परेशान थीं। ग्राम महुअर के पास आगरा–जयपुर राजमार्ग पर स्थित अंग्रेजी व देशी शराब के ठेके को लेकर ग्रामीणों में काफी समय से नाराजगी बनी हुई थी।
बताया गया कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से महिलाओं का सब्र जवाब दे गया। सोमवार दोपहर बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण एकत्र होकर ठेके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर मौजूद है और महिलाओं की शिकायतों की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव पर आगरा में निकली भव्य प्रभात फेरी, ताज प्रेस क्लब से सुभाष पार्क मंदिर तक उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ - October 26, 2026
- फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में दर्दनाक हादसा: टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा में बेकाबू कार ने भीड़ को रौंदा, 5 की मौत, कई घायल - October 26, 2026
- सम्मान समारोह और डांडिया रास के साथ हुआ 139वें माथुर वैश्य जयंती महोत्सव का भव्य समापन: पंचकुइयां महासभा भवन में उमड़ा समाजबंधुओं का सैलाब - October 26, 2026