आगरा: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद में देशभक्ति और उल्लास के माहौल के बीच कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयुक्त कार्यालय में मण्डलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने तिरंगा फहराया और संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना, मूल अधिकारों, मूल कर्तव्यों और लोकसेवा के संकल्प की शपथ दिलाते हुए जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जनपद के अमर शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सगीर फातिमा इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। साथ ही हाल ही में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित वीर बालक अजय राज पुत्र श्री वीरभान को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना, मूल अधिकार, नीति-निदेशक तत्व और मूल कर्तव्य सभी नागरिकों को दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद सामूहिक सहभागिता से देश ने कृषि, अंतरिक्ष, अर्थव्यवस्था, रक्षा, उद्योग और डेयरी जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है।
उन्होंने जनपद आगरा की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि 36 वर्षों बाद आगरा को अटलपुरम आवासीय योजना मिलने जा रही है, रहनकला में नई आवासीय योजना विकसित की जाएगी, शहर में मेट्रो परियोजना, नमामि गंगे के तहत 100 एमएलडी एसटीपी, बटेश्वर तीर्थ विकास, शिव मंदिर कॉरिडोर, आगरा–अलीगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और सुगम यातायात व्यवस्था पर कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को धरातल पर उतारने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का आह्वान किया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर कमिश्नरी, विकास भवन सहित सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों और संस्थाओं में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाया गया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान, अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) प्रशांत तिवारी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) शुभांगी शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) अजय नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) धीरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) जुबेर बेग, नगर मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान, एसीएम विनोद सिंह, संदीप यादव, विनोद कुमार सहित कलेक्ट्रेट के कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और अमर शहीदों के परिजन उपस्थित रहे।
- ’चलो गाँव की ओर’: लायंस क्लब और आगरा डायबिटीज फोरम ने बलदेव में लगाया मेगा हेल्थ कैंप, 500 मरीजों को मिली राहत - February 22, 2026
- Agra News: वीआईपी रोड पर ट्रैफिक नियमों के उड़े परखच्चे, सनरूफ खोलकर स्टंट करते दिखे युवा, एक्शन की तैयारी - February 22, 2026
- सलाम! विदाई के बाद ससुराल नहीं, सीधे ‘इंटरव्यू’ देने पहुंची दुल्हन; दूल्हे की समझदारी ने पेश की महिला सशक्तिकरण की मिसाल - February 22, 2026