Agra News: किसान दिवस पर अन्नदाता के मसीहा चौधरी चरण सिंह को नमन, सांसद राजकुमार चाहर के नेतृत्व में आगरा में श्रद्धांजलि

स्थानीय समाचार

आगरा: किसान दिवस के अवसर पर अन्नदाता के मसीहा और भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के 123वें जन्मदिवस पर आगरा में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सिंचाई विभाग (लोअर खण्ड आगरा नहर, आगरा) के प्रांगण में स्थापित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान सांसद राजकुमार चाहर, देवेंद्र रावत, अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह फोगाट, नीरज कुमार, कर्ण पाल सिंह सहित अनेक किसान नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया और किसानों के मसीहा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि चौधरी चरण सिंह किसानों के सच्चे हितैषी और ग्रामीण भारत की बुलंद आवाज थे। उनका संपूर्ण जीवन अन्नदाता के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और किसान कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि चौधरी साहब ने किसान, खेत और गांव को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना और उनकी नीतियां आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं।

उन्होंने आगे कहा कि चौधरी चरण सिंह के विचार, सिद्धांत और संघर्ष आज भी किसान सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्र सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। किसान मोर्चा उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारते हुए किसानों से जुड़े मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करता रहेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने चौधरी चरण सिंह के आदर्शों को आत्मसात करने और किसान हित में निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कृषि की मजबूती, किसानों की भूमिका और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर भी विचार साझा किए गए।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में हाकिम सिंह सोलंकी, राजू लवानिया, राजीव जैन, जितेंद्र सिंह, अनिल चाहर, सतेंद्र यादव, आकाश स्वामी, सचिन गोयल, दिग्विजय, रामनिवास भारती, उदय प्रताप, जयप्रकाश, वीरेंद्र रघुवंशी, हरिमोहन कुशवाहा, विजय सिंह, अशोक दुबे, सत्यवीर, मलखान, शंकर वर्मा, जसवंत सिंह, अजय चौधरी सहित बड़ी संख्या में किसान मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन किसानों के उत्थान और राष्ट्र निर्माण में चौधरी चरण सिंह के विचारों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ किया गया।

Dr. Bhanu Pratap Singh