आगरा ज़िले की तहसील किरावली के गांव नगला कुकथला में कीथम-भांडई रेललाइन के लिए हो रहे निर्माण कार्य से गांववासियों का स्कूल और श्मशान घाट से सम्पर्क कट गया है। रेलवे विभाग द्वारा रुनकता-किरावली रोड से नगला कुकथला संपर्क मार्ग पर विपरीत दिशा में पुल बनाए जाने से गांव का जीवन प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि रेल विभाग की लापरवाही से भविष्य में राहगीरों और बच्चों को गंभीर दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ सकता है। गांव से महज 100 मीटर दूर स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल के लिए अब कोई सीधा रास्ता नहीं बचा है, क्योंकि रेलवे लाइन की दीवार ने रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया है। इससे बच्चों की पढ़ाई पर संकट मंडरा रहा है।
इतना ही नहीं, गांव के श्मशान घाट तक जाने वाला रास्ता भी अब रेललाइन के कारण अवरुद्ध हो गया है। यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों को सड़क पर ही अंतिम संस्कार करने को मजबूर होना पड़ेगा। साथ ही किसान भी अपने खेतों तक नहीं पहुंच पा रहे, जिससे खेती पर संकट और रोज़ी-रोटी पर असर पड़ रहा है।
वर्षा के दिनों में पहले से ही यह कच्चा रास्ता मुश्किलें बढ़ा देता था, अब पूरी तरह बंद हो जाने से हालात और गंभीर हो गए हैं। ग्रामीणों और स्कूल शिक्षकों ने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों और शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर सड़क पक्की करवाने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
स्थिति से नाराज़ होकर चौधरी दिलीप सिंह के नेतृत्व में प्रभावित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण की माँग की। जिलाधिकारी ने समाधान का आश्वासन दिया है।
प्रदर्शन में मनोज कुमार, विष्णु कुमार, बाबूलाल बाल्मीकि, सुरेश बाबा राजकुमार, चंद्रभान, पदम सिंह, रामराज, पप्पू, तेजस्वरूप, रामबाबू, रविन्द्र, शशि, दीपक, पिंकी कुशवाह, आदित्य, मंजू देवी, आरती देवी, वृज किशोर, सतीश, भोला, राजवीर आदि शामिल थे।
- सपा का ‘सत्ताइस का संकल्प, पीडीए का प्रणपत्र’ जारी: महिलाओं को 40 हजार सालाना पेंशन, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और पुरानी पेंशन बहाली का वादा - November 26, 2026
- बल्केश्वर के श्री सर्वतोभद्र जिनालय में मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश, 27 नवंबर को होगा नवग्रह विधान - November 26, 2026
- सपा घोषणापत्र विमोचन में छलका आजम खान का दर्द: ‘एक आधा जिंदा आदमी खड़ा है, पांच साल की कैद ने दिल-दिमाग झकझोर दिया’ - November 26, 2026