आगरा: दयालबाग क्षेत्र में भरी दोपहर बदमाशों ने राह चलती महिला के गले से सोने की चेन लूट ली और बाइक पर सवार होकर भाग निकले। पीड़ित महिला दयालबाग सत्संग सभा के पदाधिकारी की पत्नी है।
इस वारदात को अंजाम देकर अपराधियों ने पुलिस के नवरात्र में शुरू किए गए मिशन शक्ति अभियान को चुनौती दे दी है। थाना न्यू आगरा पुलिस बदमाशों की खोजबीन में जुटी है। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी मदद ली जा रही है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, अदनबाग, दयालबाग के रहने वाले विधु कश्यप रेलवे में एडीआरएम के पद से रिटायर हैं और दयालबाग सत्संग सभा में संयुक्त सचिव हैं। सोमवार दोपहर करीब 3.20 बजे उनकी पत्नी गायत्री कश्यप स्वामी नगर से पैदल अपने घर अदनबाग जा रहीं थी। फुटपाथ पर उनके पीछे युवक चल रहा था। कुछ दूर तक उनके पीछे चलने के बाद अदनबाग मोड पर उसने गायत्री कश्यप के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन लूट ली। गायत्री कुछ समझ पातीं तभी बराबर में धीमी रफ्तार से बाइक चला रहे युवक के साथ बदमाश बाइक पर बैठकर भाग निकला। दोनों बदमाश नगला हवेली की तरफ भाग गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई।
इंस्पेक्टर न्यू आगरा धर्मेंद्र सिंह भाटी का कहना है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई है। गौरतलब है कि पुलिस इन दिनों में मिशन शक्ति अभियान चला रही है। महिलाओं और युवतियों को सुरक्षा का दावा किया जा रहा है, लेकिन बदमाश पुलिस को चुनौती दे रहे हैं।
- सिंधी सेंट्रल पंचायत Agra के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी का समाज के व्हाट्सएप जीवियों को करारा जवाब - April 14, 2026
- आरडी पब्लिक स्कूल Agra: शिक्षा के साथ संस्कार और प्रतिभा निखार का उत्कृष्ट केंद्र - April 10, 2026
- ज्ञान की दीपशिखा: मन्नाश्री चौहान ने रचा इतिहास, डीईआई आगरा की बनीं टॉपर - April 10, 2026