आगरा। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ लेवल ऑफिसरों (BLO) को रविवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने सम्मानित किया। डाटा डिजिटाइजेशन का 100 प्रतिशत कार्य समय से पूरा करने पर बीएलओ शीला देवी, देवेंद्र सिंह और शुभम अवस्थी को बुके, शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में सर्वप्रथम यह उपलब्धि 86-एत्मादपुर विधानसभा के मतदेय स्थल संख्या 395, प्रा.वि. नगला बेल (कक्ष संख्या-2) की बीएलओ शीला देवी ने हासिल की। उन्होंने 500 में से 500 गणना प्रपत्र न केवल वितरित और संकलित किए, बल्कि बीएलओ ऐप के माध्यम से सभी का डिजिटाइजेशन भी पूरा किया। इसे अभियान की आदर्श कार्यशैली बताया गया।
इसी प्रकार, 91-फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या-03, प्राथमिक विद्यालय उत्तू के बीएलओ देवेंद्र सिंह ने 462 में से 462 गणना प्रपत्रों का वितरण, संकलन व डिजिटाइजेशन पूर्ण कर उत्कृष्ट कार्य किया।
वहीं, 94-बाह विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या 13, प्राथमिक विद्यालय पापरीनागर कम्पोजिट के बीएलओ शुभम अवस्थी ने भी निर्धारित समय से पूर्व सभी प्रविष्टियों का वितरण, संकलन व डिजिटल दर्जीकरण कर उल्लेखनीय कार्य किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि इन बीएलओ की लगन, उत्साह और समयबद्धता अन्य कर्मचारियों के लिए उदाहरण हैं। उन्होंने घोषणा की कि जो भी बीएलओ निर्धारित समय में शत-प्रतिशत कार्य पूरा करेंगे, सभी को सम्मानित किया जाएगा।
मतदाताओं से अपील : फॉर्म भरने में देर न करें
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) को ध्यानपूर्वक भरकर तुरंत बीएलओ को उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि—
बीएलओ घर-घर जाकर फॉर्म वितरित व संकलित कर रहे हैं।
मतदाता सही-सही प्रविष्टियाँ भरें और हस्ताक्षर कर फॉर्म तुरंत वापस करें।
घर पर अनुपस्थित होने की स्थिति में परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य फॉर्म भरकर दे सकता है।
जो फॉर्म समय से जमा हो जाएंगे, उनके नाम 9 दिसंबर 2025 को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल कर लिए जाएंगे।
अंतिम दिन का इंतजार न करें, ताकि किसी का नाम छूटे नहीं।
पुनरीक्षण अभियान की प्रमुख तिथियाँ
फॉर्म वितरण एवं संकलन: 4 नवंबर – 4 दिसंबर 2025
ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली प्रकाशन: 9 दिसंबर 2025
दावे/आपत्तियाँ स्वीकार: 8 जनवरी 2026 तक
अंतिम वोटर लिस्ट प्रकाशन: 7 फरवरी 2026
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी मतदाताओं से सक्रिय सहयोग की अपील की है।
- आगरा के शमसाबाद में एमवीआई क्लब द्वारा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित: 150 बच्चों ने उत्साहपूर्वक दिखाई अपनी प्रतिभा - August 23, 2026
- आगरा के लोहामंडी में 15 लाख की चांदी को लेकर विवाद, बकाया मांगने गए कारोबारी ने लगाया गला दबाने और डंडे से पीटने का आरोप - August 23, 2026
- आगरा में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: टीन का नगला स्थित फर्जी ‘बंगाली क्लीनिक’ सील, बिना डिग्री इलाज करने वाले संचालक पर मुकदमा दर्ज - August 23, 2026