आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र की अवधपुरी कॉलोनी में एक महिला टीचर और उसकी बेटी की दबंगई का नया मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाली एक युवती पर डंडे से हुए हमले का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फुटेज में महिला टीचर को युवती पर बर्बरतापूर्वक डंडे बरसाते और गाली-गलौज करते हुए साफ देखा जा सकता है।
डंडे से सिर पर वार, युवती लहूलुहान
पीड़ित युवती के परिवार ने बताया कि पड़ोस की महिला टीचर काफी समय से गालियां और धमकियां देती आ रही है। घटना वाले दिन भी उसने युवती को बेवजह अपमानित किया। जब युवती ने विरोध किया तो वह अचानक डंडा लेकर बाहर आई और उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना तेज था कि युवती लहूलुहान हो गई। पूरा हादसा पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसे कॉलोनी के लोगों ने सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होते ही कॉलोनी में तनाव और रोष फैल गया।
पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे, एयरगन से फायरिंग का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार यह पहला मामला नहीं है। महिला टीचर और उसकी बेटी की दबंगई से लोग वर्षों से परेशान हैं। दोनों के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।
22 मार्च 2025 को दर्ज एक गंभीर मामले में आरोप था कि महिला टीचर राह चलते लोगों और बच्चों पर एयरगन से छर्रे चलाती है। कई बच्चों को चोटें भी आई थीं। आरोप है कि दिन और रात किसी भी समय लोगों पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की घटनाएं होती थीं, जिसके कारण मोहल्ले के लोग लगातार डर में जी रहे हैं।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि रोज किसी न किसी से गाली-गलौज, धमकी या हमले की शिकायत सामने आती है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने से उनके हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
पुलिस ने मेडिकल कराया, जांच में जुटी
पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती का मेडिकल परीक्षण करवाया है। थाना जगदीशपुरा पुलिस का कहना है कि वायरल सीसीटीवी फुटेज और पूर्व शिकायतों को आधार बनाकर कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोग अब सख्त और ठोस कदम उठाए जाने की मांग कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र में लगातार जारी दबंगई और दहशत का सिलसिला थमे।
- 3,400 करोड़ के मालिक बीजेपी विधायक बने ‘भिखारी’: सड़क पर उतरकर मांगी भीख, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान - September 15, 2026
- आगरा में श्री हरि सत्संग समिति की नित्य प्रभात फेरी के 15 साल पूरे: भव्य संकीर्तन यात्रा में उमड़े श्रद्धालु, विधायक ने की पुष्पवर्षा - September 15, 2026
- सपा की तुष्टिकरण और जातिगत राजनीति अब जनता के बीच नहीं चलने वाली: भाजपा नेता रोहित कत्याल - September 15, 2026